Monday, July 10, 2023

...तो रोबोट करेंगे काम, आदमी करेगा आराम

 मुकुंद   

'...तो रोबोट करेंगे काम, आदमी करेगा आराम' इस शीर्षक में कुछ भी चौंकाने वाला नहीं है। जी हां, 2023 की आठ जुलाई को इसके संकेत मिल चुके हैं। इसे सनद भी किया जाना चाहिए। इसलिए कि स्विट्जरलैंड के जिनेवा में आठ जुलाई को दुनिया का पहला स्मार्ट रोबोट संवाददाता सम्मेलन हो चुका है। इस संवाददाता सम्मेलन से हम में से बहुतेरे अनजान होंगे। इस संवाददाता सम्मेलन में रोबोट्स के साथ हुए सवाल-जवाब ने इस बात के भी ठोस संकेत दे दिए कि भविष्य की दुनिया कैसी होगी। यह इनसानी दिमाग के लिए हाई वोल्टेज लाइन के करंट के झटके जैसा है। मगर तैयार हो रही रोबोट की भावी रणनीति का सामना तो करना ही होगा। आज नहीं तो कल, यह होकर ही रहेगा। यकीन मान लीजिए, वह समय जल्द आने वाला है। आदमी (सामर्थ्यवान) आराम करेंगे और उनका काम रोबोट करेंगे। 



इस पहले संवाददाता सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से संचालित 51 रोबोट्स ने वादा किया है कि वे कभी भी इनसानों के खिलाफ बगावत नहीं करेंगे। इस दौरान करीब 3000 आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विशेषज्ञ भी मौजूद रहे। इन्हीं विशेषज्ञ ने ही उनसे सवाल किए। लगभग सभी सवाल इनसानों पर केंद्रित रहे। सोफिया नाम की रोबोट ने बड़ा संकेत दिया। उसने कहा कि हम दुनिया को इनसानों से बेहतर तरीके से चला सकते हैं। हमारे अंदर इनसान की तरह भावनाएं तो नहीं हैं पर हम फैक्ट्स के आधार पर मजबूत फैसला ले सकते हैं।

सोफिया से पूछा गया कि क्या रोबोट इनसान के खिलाफ बगावत करेंगे? इस पर उसने कहा कि उसे नहीं पता कि आपको ऐसा क्यों लगता है। मुझे बनाने वालों ने मेरे साथ हमेशा अच्छा व्यवहार किया है। मैं इससे खुश हूं। इसके बाद उससे पूछा गया कि क्या तुम्हारी वजह से लोगों की नौकरी को खतरा है? उसने कहा कि मैं लोगों के साथ मिलकर काम करूंगी। मेरी वजह से किसी इनसान की नौकरी को कोई खतरा नहीं होगा। इस दौरान एक सवाल किया गया कि क्या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक को नियमों के दायरे में लाना चाहिए? इसके जवाब में अन्य रोबोट ने कहा, भविष्य में होने वाले बदलाव पर सबको सतर्क रहने की जरूरत है। इस पर बहस जरूरी है। एक दूसरे रोबोट ने तो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के खतरे को पूरी तरह खारिज कर दिया। उसने कहा इस तकनीक पर प्रतिबंध की नहीं, उसे अवसर देने की आवश्यकता है। हम इनसानों के साथ मिलकर दुनिया को बेहतर भविष्य दे सकते हैं।

तो मान लीजिए अब मशीन भर नहीं रह गया है रोबोट। इस संवाददाता सम्मेलन में रॉबी नाम का रोबोट चर्चा में रहा। इस रोबोट की तकनीकी खासियत यह है कि उसका डिजाइन इनसानी मांसपेशियों से प्रेरित है। इस रोबोट में 70 जोड़ इंसानी मांसपेशियों से मिलते-जुलते हैं। रॉबी के निर्माता रॉल्फ फाइफर ने कहा-' उनकी कोशिश है कि रॉबी नई पीढ़ी के रोबोट्स का दूत बने। वह  इनसानों के साथ दोस्ताना तरीके से बातचीत करे। रॉबी को चेहरा फेसबुक पर मतदान के आधार पर मिला है। फाइफर मानते हैं कि एक दिन रोबोट हमारे घरों में जरूर होंगे। यह अभी तय नहीं है कि रोबोट किसी खास काम के लिए होंगे। मगर होंगे जरूर। इसका फैसला निश्चिततौर पर बाजार करेगा।

यूरोपीय संघ में इससे पहले रोबोट से क्या काम लिया जाए पर सर्वे किया जा चुका है। इसमें हिस्सा लेने वाले 60 प्रतिशत लोगों के अनुसार रोबोट को बच्चों को संभालने और बुजुर्गों की देखभाल करने के लिए इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। कंप्यूटर वैज्ञानिक और मनोवैज्ञानिक नियोल शार्की लंबे समय से इस पर शोध कर रहे हैं। वह कहते हैं कि जापान और दक्षिण कोरिया की 14 कंपनियां बच्चों की देखभाल के लिए रोबोट विकसित कर रही हैं। दक्षिण कोरिया में रोबोट का प्रयोग बच्चों को अंग्रेजी सिखाने के लिए तीन साल पहले हो चुका है। दक्षिण कोरिया रोबोट का इस्तेमाल जेल गार्ड के तौर पर भी कर चुका है। 

अब इस आहट को महसूस करने का वक्त है। रोबोट की दुनिया बदल चुकी है। अब वह सिर्फ खिलौना नहीं रहा। नियोल शार्की के शोध का निष्कर्ष यह है कि रोबोट वयस्क इनसानों से बेहतर साबित हुए हैं। रोबोट पर कोई आरोप नहीं लगा सकता कि उसने शारीरिक शोषण की भावना के साथ बच्चों को छुआ। इसमें कोई नैतिक झिझक नहीं होगी। कैंब्रिज विश्वविद्यालय के प्रो. पीटर रॉबिन्सन कहते हैं-' अगर कोई अपने घर पर ऐसे ताकतवर मशीनी सहयोगी का इस्तेमाल करते हैं तो वह यह गांठ बांध ले कि यह सहयोगी विनाशकारी भी साबित हो सकता है। पीटर रॉबिन्सन की कोशिश है कि उनकी टीम ऐसा रोबोट तैयार करे जो चेहरा पहचान सके। यह भी बता सके कि सामने वाला दर्द में है। खुश है या परेशान।


Wednesday, April 26, 2023

फिल्म 'घमासान' में बीहड़ और ददुआ

मुकुंद

फिल्म निर्देशक तिग्मांशु धूलिया इस बार दुर्दांत दस्यु शिव कुमार उर्फ ददुआ  को बड़े परदे पर दिखाने वाले हैं। तिग्मांशु हिंदी सिनेमा में प्रयोग के लिए जाने जाते हैं। ददुआ की लंबे कालखंड तक बुंदेलखंड में तूती बोलती रही है।  डकैतों के खौफ से मानिकपुर, कर्वी, चित्रकूट, बदौसा, भरतकूप, अतर्रा, बांदा,  सतना, पन्ना, रीवा, छतरपुर आदि इलाके में शाम ढलने के बाद सड़कों पर कर्फ्यू जैसा सन्नाटा पसर जाता था। तब चित्रकूट जिला बांदा जिले में ही था। चित्रकूट-मानिकपुर के पाठा के भुतहे जंगल ददुआ के लिए सुरक्षित पनाहगार रहे। तिग्मांशु धूलिया की इस फिल्म का नाम 'घमासान' है। वह पिछले साल बांदा और चित्रकूट जिले की सीमा पर फतेहगंज क्षेत्र के कोल्हुआ जंगल में 'घमासान' का कुछ हिस्सा फिल्मा चुके हैं। इसमें ददुआ के किरदार में अभिनेता अरशद वारसी हैं। राजपाल यादव और प्रतीक गांधी भी दिखाई पड़ेंगे। 


                                         

चित्रकूट जिले के देवकली गांव में जन्मे ददुआ के बीहड़ में कूदने कहानी भी अन्याय और शोषण के इर्द-गिर्द घूमती है। कहते हैं तब ददुआ की उम्र तब 22 साल थी। वह अपने भाई बालकुमार के साथ जीवन बसर कर रहा था। इस बीच उसके पिता रामप्यारे को दबंगों ने पास के गांव में नग्न घुमाया और फिर हत्या कर दी। यही नहीं उसे भैंस चोरी के झूठे इल्जाम में जेल भिजवा दिया। कहते हैं जमानत पर रिहा होने के बाद ददुआ सीधे दस्यु सरगना गया कुर्मा और उर्फ गया बाबा की शरण में चला गया। 

साल 1982 में गया के आत्मसमर्पण करने के बाद वह बचे-खुचे गिरोह का सरदार बन बैठा। और दो साल बाद अपना गिरोह बना लिया। 1986 में वह पहली बार सुर्खियों में आया। रामू का पुरवा में पुलिस मुखबरी के शक में नौ ग्रामीणों को एक लाइन में खड़ाकर गोली मार कर खून कर दिया। इसके बाद से जून 2007 तक ददुआ के खौफ से इलाका थर-थर कांपता रहा। मायावती के राज में  21 जुलाई, 2007 को ददुआ और उसके गिरोह के 10 सदस्यों को मानिकपुर के जंगलों में एसटीएफ ने मार गिराया। कहते हैं तब ददुआ के खिलाफ 400 से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे। 

'घमासान' में स्थानीय लोगों को भी लिया गया है। इनमें अरविंद चतुर्वेदी (मिर्जापुर), रजनीश अवस्थी (कमासिन) और पवन पांडे पाल देव चित्रकूट हैं। प्रतीक गांधी एसएसपी ‘एस’ की भूमिका में होंगे। इस कहानी का ताना-बाना ददुआ के एनकाउंटर ऑपरेशन के इर्द-गिर्द घूमता है। ददुआ के बाद इस इलाके में सबसे दुर्दांत दस्यु अंबिका पटेल उर्फ ठोकिया हुआ है। ददुआ ने कभी पुलिस की जान नहीं ली। ठोकिया पुलिस का ही जानी दुश्मन रहा। अगस्त 2008 में ठोकिया पुलिस के हाथों मारा गया। ददुआ के परिवार का राजनीतिक रसूख भी रहा है। उसका भाई बाल कुमार पटेल सांसद, बेटा वीर सिंह विधायक और भतीजा राम सिंह विधायक रह चुका है। बहू पंचायत अध्यक्ष रह चुकी है। पाठा क्षेत्र में कभी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में ददुआ की मुनादी के बाद ही लोग मतदान करने के लिए घरों से निकलते थे।

 


Tuesday, October 9, 2018

जादू है...नशा है...मदहोशियां हैं...


आजादी के महानायक महात्मा गांधी के सत्य और ब्रह्मचर्य के प्रयोग की जीस्त नए समाज की स्थापना का सपना दिखाती है। कोई कुछ कहे यह कहानियां अजर-अमर हैं। पंडित नेहरू और पद्मजा नायडू का इश्क बेहद दिलचस्प है।  

मुकुंद
स्थानीय संपादक 
प्रयुक्ति 

शादी, प्रेम प्रसंग और विवाहेत्तर संबंध...। यह दैहिक त्रिकोण है। ऐसा त्रिकोण-शायद ही इससे कोई बच पाया हो। जो बच गया...सचमुच वो फरिश्ता है। फना करते जिस्मों में इश्क के ज्वालामुखी फटते ही रहते हैं। आजादी के महानायक और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य और ब्रह्मचर्य के प्रयोग तो तमाम वर्जनाओं और मिथकों को तोड़ते नजर आते हैं। वह नए समाज की स्थापना के वाहक नजर हैं। ऐसी तमाम कहानियां इतिहास का हिस्सा हैं। इनकी जीस्त परतों में लिपटी प्याज की पोथी से कम नहीं है। हर परत में सुलगती देह का दावानल है। इस प्रस्तावना का पहला हिस्सा देखिये। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के रिश्तों पर लोग मुंहजुबानी चर्चा करते रहते हैं। कोई लेडी माउंटबेटन से तो कोई शारदा माता के साथ नाम जोड़ता है। सरोजनी नायडू की बेटी पद्मजा नायडू से भी वह मोहब्बत करते रहे हैं। नेहरू के जीवनीकार एस गोपाल ने ‘सिलेक्टेड वर्क्स’ में पद्मजा को संबोधितप्रेम पत्र प्रकाशित किए हैं। 1937 में नेहरू ने पद्मजा को लिखा था-तुम 19 साल की हो (जबकि वो उस समय 37 साल की थीं) ... और मैं 100 या उससे भी से ज्यादा। क्या मुझे कभी पता चल पाएगा कि तुम मुझे कितना प्यार करती हो।  एक बार मलाया से नेहरू ने पद्मजा को लिखा-मैं तुम्हारे बारे में जानने के लिए मरा जा रहा हूं। मैं तुम्हें देखने, तुम्हें अपनी बाहों में लेने और तुम्हारी आंखों में देखने के लिए तड़प रहा हूं। नेहरू के दामाद और इंदिरा गांधी के पति फिरोज गांधी का हम्मी से इश्क शायद लोगों को मालूम भी ना हो। संजय गांधी का नाम भी रुखसाना सुल्ताना से जुड़ चुका है। पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेई और राजकुमारी कौल का इश्क अब किसी से छिपा नहीं है। पूर्व रक्षामंत्री जॉर्ज फर्नांडिस और जया जेटली के रिश्तों पर भी चर्चा होती रहती है। 

समाजवादी नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की दूसरी शादी पर बहुत कुछ छप चुका है। नारायणदत्त तिवारी की रंगीनियां तो सबसे दिलचस्प हैं। वामपंथी इंदरजीत गुप्त ने नए किस्म का इश्क किया। 62 साल की उम्र में शादी कर दुनिया को चौंकाया। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के सबसे करीबी आरके धवन ने 74 साल की उम्र में अपनी शादी को सार्वजनिक जीवन में कुबूल कर संजीदगी का परिचय दिया। तो आइए अब उपसंहार करते हैं। इसके केंद्र में दुनिया में ब्रह्मचर्य के पहले प्रयोगधर्मी महात्मा गांधी हैं। साठ के दशक में उनके अनुयायी निर्मल कुमार बोस की किताब ‘माई डेज विद गांधी’ आई थी। बोस इसमें राष्ट्रपिता का अपना संयम परखने के लिए आश्रम की महिलाओं के साथ निर्वस्त्र सोने और मसाज करवाने का जिक्र कर सनसनी फैला चुके हैं। अगस्त 2014 में लंदन के अखबार ‘द टाइम्स’ में छपी स्टोरी बेहद दिलचस्प है। दरअसल लंदन के पार्लियामेंट स्क्वॉयर में गांधी की मूर्ति लगनी थी। इसका बुजुर्ग गांधीवादी इतिहासकार कुसुम वदगामा (82) विरोध कर रही थीं। ‘द टाइम्स’ ने कुसुम का इंटरव्यू छापा। कुसुम ने कहा-गांधी को सेक्स की बुरी लत थी। वह इतने ज्यादा कामुक थे कि ब्रह्मचर्य के प्रयोग और संयम परखने के बहाने अपने चाचा अमृतलाल तुलसीदास गांधी की पोती और जयसुखलाल की बेटी मनुबेन गांधी के साथ सोने लगे। वैसे तो गांधी के ब्रह्मचर्य के प्रयोग पर कई किताबें लिखी जा चुकी हैं। 
मगर ब्रिटिश इतिहासकार जेड एडम्स की ‘गांधी नैकेड ऐंबिशन’बेहद अलग है। 2010 में छपी इस किताब में गांधी को असामान्य सेक्स बीहैवियर वाला अर्द्ध दमित सेक्स मैनियॉक कहा गया है। एडम्स ने दावा किया था कि गांधी सहजता से महिला अनुयायियों को वशीभूत कर लेते थे। इससे पहले 2006 में गिरिजा कुमार की ‘ब्रह्मचर्य गांधी एंड हिज वीमेन एसोसिएट्स’ आ चुकी है। इसमें ऐसी डेढ़ दर्जन महिलाओं का खुलासा किया गया जो गांधी के साथ नग्न सोयीं एवं नहाईं और ब्रह्मचर्य के प्रयोग में सहयोगी रहीं। इनमें मनु, आभा गांधी, आभा की बहन बीना पटेल, सुशीला नायर, लोकनायक जयप्रकाश नारायण की पत्नी प्रभावती, राजकुमारी अमृतकौर, बीवी अमुतुसलाम, लीलावती आसर, प्रेमा बहन कंटक, मिली ग्राहम पोलक, कंचन शाह, रेहाना तैयबजी हैं। इस किताब में दावा किया गया कि प्रभावती ने गांधी के आश्रम में रहने के लिए लोकनायक को छोड़ दिया था। बहरहाल इससे तो सब वाकिफ हैं कि अपने पिता की मृत्यु के वक्त गांधी अपनी पत्नी के साथ संभोगरत थे। यह बात गांधी ने खुद अपनी आत्मकथा में लिखी है। और यह भी कि देश की आजादी की पूर्व संध्या पर बंगाल के नोआखली जिले में हिंदू-मुस्लिम दंगे होने पर गांधी ने विवादास्पद प्रयोग किया। उन्होंने अपनी नातिन और सहयोगी मनु गांधी को अपने साथ बिस्तर में सुलाया। इतिहासकार पैट्रिक फ्रेंच ने लिखा है कि हालांकि गांधी के कुछ अपरंपरागत विचारों के केंद्र में प्राचीन हिंदू दर्शन रहा है। मगर वो नैतिकता और स्वास्थ्य, खान-पान एवं सांप्रदायिक जीवन को लेकर अपने झक्की सिद्धांतों की वजह से विक्टोरियाई युग के व्यक्ति लगते थे। वह मीरा बेन (मेडेलीन स्लेड),  निला नागनी (मैसूर के राजकुमार से इश्क करने वालीं निला क्रैम कुक), रविंद्रनाथ टैगोर की भतीजी सरला देवी चौधरानी के भी करीब रहे हैं। सरला को तो गांधी अपनी ‘आध्यात्मिक पत्नी’ कहते थे। यौन संबंधों के इर्द-गिर्द घूमती ये कहानियां अजर-अमर हैं। यह जिंदादिल इनसानों की कहानियां हैं।  

यह आलेख आज यानी 18 अक्टूबर 2018 दिन मंगलवार को प्रयुक्ति (हिंदी दैनिक) नई दिल्ली के अंक में उपलब्ध है।

Friday, September 14, 2018

शब्दों से परे है इसकी व्याख्या

रोम टोर वगेर्टा यूनिवर्सिटी में मेडिकल सेक्सोलॉजी के प्रोफेसर और वैज्ञानिक इमैनुएल जनीनी ने महिलाओं में आॅर्गेज्म मापने की स्टडी की है। इसका प्रकाशन 29 अगस्त को वैज्ञानिक जर्नल प्लोस वन में ‘आॅर्गेज्मोमीटर-एफ’ शीर्षक से हुआ है। इस पर चर्चा से पहले यह जानना जरूरी है कि आॅर्गेज्म क्या है? कुछ वैज्ञानिकों की धारणा है कि यह कामोत्तेजना है। मगर सर्वाधिक मान्य धारणा यौन संबंध के दौरान प्राप्त होने वाले सुख से है। इसे सहवास सुख, चरम सुख, कामोन्माद और चरमोत्कर्ष भी कह सकते हैं। इसका अनुभव स्त्री-पुरुष दोनों को होता है। सेक्सोलाजिस्ट मानते हैं कि मनुष्य देह मल्टिपल आॅर्गेज्म वाली है। आॅर्गेज्म के स्वास्थ्य लाभ भी हैं। यह दर्द निवारक है। इस दौरान शरीर से आॅक्सीटोसिन नामक केमिकल का स्राव होता है। यह केमिकल लगाव, रिलेक्स और भावनात्मक रूप से अन्य सकारात्मक परिस्थितियों की अनुभूति कराता है। हालांकि इससे दर्द में आठ से दस मिनट तक राहत मिलती है।
---------------
खोज-ए-सुख
---------------

 इसके अहसास भर से दर्द दूर हो जाता है। तो अब वैज्ञानिक जनीनी की स्टडी पर आते हैं। यह स्टडी सिर्फ और सिर्फ महिलाओं पर की गई है। दावा यह भी है कि दुनिया में पहली बार ऐसी स्टडी की गई है। इसमें महिलाओं में आॅर्गेज्म मापने के लिए साइकोमीट्रिक टूल का इस्तेमाल किया गया। वह साफ करते हैं कि हमारा मकसद था कि हम सेक्स से जुड़ी अलग-अलग क्रियाओं जैसे इंटरकोर्स, मास्टरबेशन और अन्य सेक्सुअल तरीकों से महिलाओं में यौन सुख की मात्रा को माप सकें। ...क्योंकि आॅर्गेज्मोमीटर कोई उपकरण या मशीन नहीं है। इसका मतलब है आॅर्गेजम को मापना। जिस तरह दर्द को मापने के लिए उपकरण नहीं है, वैसे ही आॅर्गेज्म को मापने के लिए भी कोई मशीन या उपकरण नहीं है। आॅर्गेज्म या दर्द हर किसी के लिए अलग-अलग होता है। यह इनसान के निजी अनुभव पर निर्भर करता है। यही वजह है कि इसे मापने के लिए एक स्केल का इस्तेमाल ही सबसे बेहतर होगा। दुनिया भर में दर्द निवारक दवाइयों को एनालॉग स्केल के तहत मापकर ही बेचा जाता है। दर्द और आनंद सिक्के के अलग-अलग पहलू हैं। इसीलिए इन्हें मापने के लिए किसी मशीन की जगह स्केल का इस्तेमाल किया जा सकता है। हमने ऐसी ही स्केल के जरिए आॅर्गेज्म की मात्रा मापी। ...क्योंकि इन दोनों एहसासों का संबंध दिमाग के एक ही हिस्से से होता है। कोई एक चीज किसी इनसान के लिए दर्दनाक हो सकती है। दूसरे के लिए उसमें सुख छिपा हो सकता है। वह इसका उदाहरण मसालेदार भोजन से देते हैं। जनीनी की इस स्टडी में 526 महिलाओं को शामिल किया गया। इनकी उम्र 19 से 35 के बीच थी। रिसर्चर ने स्मार्ट वेबसाइट के जरिये कुछ सवालों के जवाब इन महिलाओं से हासिल किए। इसमें यह भी पूछा गया कि मास्टरबेशन, इंटरकोर्स, ओरल सेक्स या किसी अन्य तरह की सहवास क्रिया में से किसमें सबसे अधिक आनंद मिला? और इन सवालों के जवाबों से ही स्टडी तैयार की गई। इस स्टडी में यह बात उभर कर सामने आई कि महिलाओं में आॅर्गेज्म का अंतर बहुत अधिक और पुरुषों में यह काफी हद तक समान रहता है।

मुकुंद, स्थानीय संपादक, प्रयुक्ति (हिंदी दैनिक) नई दिल्ली
(अब से ये मेरा नया कॉलम है-खोज-ए-सुख। इसके तहत मानव देह के रहस्यों  और स्त्री-पुरुष विमर्श पर हर शुक्रवार को प्रयुक्ति में जिक्र हुआ करेगा। शब्दों से परे है इसकी व्याख्या शीर्षक से आलेख का प्रकाशन आज यानी 14 सितंबर 2018 दिन शुक्रवार को हुआ है )

Tuesday, September 11, 2018

इंद्रधनुष में चाहतों के रंगों का मौसम

सुप्रीम कोर्ट का फैसला आ चुका है। दरअसल अब यह समझने की जरूरत है यौन संबंध महज प्रजनन का साध्य नहीं बल्कि यह आत्मिक सुख का बड़ा जरिया हैं। शीर्ष अदालत ने समलैंगिकों को संवैधानिक कवच तो प्रदान कर दिया है पर अब समाज को भी नजरिया बदलना होगा। 



आखिरकार सुप्रीम कोर्ट ने समलैंगिकों को संवैधानिक कवच प्रदान कर दिया। सुप्रीम कोर्ट यह भी तय कर दिया है कि अब हर भारतीय नागरिक को सरकारी हस्तक्षेप के बिना समानता और निजता के साथ अपनी अस्मिता को सुरक्षित रखने का संवैधानिक अधिकार है। भविष्य में समलैंगिकों के बीच कानूनन विवाह भी संभव हो सकेगा। यही नहीं अब हर व्यक्ति अपने प्रकृति प्रदत्त स्वभाव के अनुसार यौन संबंध बनाने को मुक्त होगा। अब वेलेंटाइन डे पर खुलेआम प्यार का इजहार हो सकेगा। अब एंटी रोमियो स्क्वायड भी जोर जुल्म नहीं कर सकेगा। किशोरवय की दैहिकता से फूटने वाली इस यौन उत्तेजना को अब दबाया नहीं जा सकेगा। यौन सहचर चुनने की आजादी होगी। समलैंगिकता पर आए इस फैसले ने निर्मम परंपरागत यौनिक बंधन से मुक्ति का मार्ग प्रशस्त किया है। लोगों को अब समझ में आ जाएगा कि समलैंगिक होना कोई अपराध नहीं है। यह ठीक वैसा ही है, जैसे कोई व्यक्ति वामहस्त यानी लेफ्ट हेंडर होता है। यह मुद्दा लंबे समय से सारी दुनिया को मथ रहा है। कई फिल्में और धारावाहिक इसे परदे पर उतार चुके हैं। यह सच है कि थियेटर और सिनेमा समाज का आईना होते हैं। इनकी कहानियां समाज से ही निकलती हैं। मगर कभी-कभी थियेटर और सिनेमा समाज में बड़ा बदलाव लाने और खामोश जबानों को आवाज देने का काम भी करता है। इसकी मिसाल है अमेरिकी टेलीविजन सीरियल-सेक्स एंड द सिटी। सेक्स एंड द सिटी 1998 से 2004 तक अमेरिका में दिखाया जाने वाला सबसे लोकप्रिय टीवी सीरियल रहा है। जबरदस्त शोहरत की वजह से इसे आॅस्ट्रेलिया, जापान, आयरलैंड, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी आदि देशों में वहां की भाषा में इसे प्रसारित किया गया। सेक्स एंड द सिटी-चार सहेलियों की कहानी है। ये अपनी शर्तों पर जिंदगी जीती हैं। यौन संबंधों पर खुलकर बात करती हैं। दरअसल यह समझने की जरूरत है यौन संबंध महज प्रजनन का साध्य नहीं बल्कि यह आत्मिक सुख का बड़ा जरिया है। 

समलैंगिकता पर आए इस फैसले से कुछ दिन पहले मलेशिया से आई एक खबर ने दुनियाभर के मानवाधिकार कार्यकर्ताओं को आहत किया। हुआ यूं कि मलेशिया के त्रिंगानु राज्य की धार्मिक अदालत (शरिया हाईकोर्ट) में 22 और 32 साल की दो मुसलिम महिलाओं को कार में समलैंगिक संबंध स्थापित करने की कोशिश में दोषी ठहराया गया। दोनों को सार्वजनिक रूप से 100 लोगों के सामने छह बार बेंत से पीटा गया। त्रिंगानु में समलैंगिकता पर पहली बार किसी को दोषी ठहराया गया है। दरअसल मलेशिया में समलैंगिक संबंध धार्मिक और संवैधानिक दोनों में वर्जित है। मलेशिया के महिला संगठन एड आर्गेनाइजेशन ने इसका विरोध किया है। संगठन का कहना है कि दो वयस्कों में सहमति से होने वाली यौन गतिविधियों को अपराध के दायरे में नहीं लाना चाहिए। इस घटना से स्वर्गीय गिलबर्ट बेकर की आत्मा जरूर रोई होगी। गिलबर्ट बेकर कोई और नहीं एलजीबीटी समुदाय की पहचान बन चुके रेनबो (इंद्रधनुष जैसे झंडे) के जनक हैं। बेकर ने एलजीबीटी यानी गे, लेस्बियन, बायसेक्शुअल और ट्रांसजेंडर के लिए छह रंग वाला फ्रीडम फ्लैग 70 के दशक में बनाया था। इसके रंगों का अलग-अलग अभिप्राय है। लाल-जिंदगी, नारंगी-देख-भाल, पीला-धूप, हरा-प्रकृति, नीला-भाईचारा और बैंगनी-मानवता का संदेश देता है। ...और इस इंद्रधनुष का समलैंगिकता पर दिए फैसले में चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा ने जिक्र भी किया है। चीफ जस्टिस मिश्रा ने कहा है कि पहचान बनाए रखना जीवन का धरातल है। एलजीबीटी समुदाय के लोगों को भी अन्य लोगों जितने सामान्य अधिकार हैं। हर बादल में इंद्रधनुष खोजना चाहिए। मगर अब भी दुनिया में 70 से ज्यादा ऐसे देश हैं जहां समलैंगिकता को असंवैधानिक माना जाता है और इसके लिए सजा का भी प्रावधान है। इन देशों में अधिकतर एशियाई, खाड़ी और अफ्रीकी देश हैं। 

मगर हर बादल में इंद्रधनुष खोजने की इस ख्वाहिश के बीच कुछ ऐसे भी मुल्क हैं, जहां गे मैरिज वैध है। इन देशों में अर्जेंटीना, आॅस्ट्रेलिया, बेल्जियम, ब्राजील, कनाडा, कोलंबिया, डेनमार्क, वेल्श (इंग्लैंड), फिनलैंड,  फ्रांस, जर्मनी, ग्रीनलैंड, आइसलैंड, आयरलैंड, लक्जमबर्ग, माल्टा, उरुग्वे, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, नॉर्वे, पुर्तगाल, स्कॉटलैंड, दक्षिण अफ्रीका, स्पेन, अमेरिका और स्वीडन। भारतीय सिनेमा की लंबे समय से समलैंगिकता पर नजर है। ऐसा दावा किया जाता है कि लेस्बियन रिलेशनशिप पर दीपा मेहता की नब्बे की दशक की ‘फायर’ पहली हिंदी फिल्म है। मगर ऐसा नहीं है। इससे पहले 1981 में जब्बार पटेल ‘सुबह’ लेकर आए थे। इसमें दो महिलाओं के बीच लेस्बियन संबंध दिखाए गए थे। इसमें स्मिता पाटिल थीं। फिल्म ‘घाव’, ‘मैंगो सौफल’ और ‘संवेदना’ में समलैंगिक संबंधों का खुला प्रदर्शन हो चुका है। ‘मैंगो सौफल’ में अंकुर विकल और डोडो भुजवाला स्वीमिंग पूल में बेलिबास नहाते हैं। ‘घाव’ में जेलर मीता वशिष्ठ सजायाफ्ता कैदी सीमा विश्वास से शारीरिक छेड़छाड़ करती हैं। समलिंगी संबंधों पर आधारित फिल्म ‘गुलाबी आईना’ दो पुरुषों बिब्बो और शिब्बो की कहानी है। हंसल मेहता की फिल्म ‘अलीगढ़’ की कहानी मराठी के प्रोफेसर श्रीनिवास रामचंद्र सीरस के जीवन पर आधारित है।  वह 2010 में रहस्यमय हालात में मृत पाए गए थे। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय ने उन्हें यौन अभिरुचि के कारण निष्कासित कर दिया था। इस फिल्म में प्रोफेसर का किरदार अभिनेता मनोज बाजपेयी ने निभाया है। आमीन...भविष्य में अब कोई प्रोफेसर इस तरह से जान नहीं देगा। 
मुकुंद
स्थानीय संपादक, प्रयुक्ति (हिंदी दैनिक) नई दिल्ली

(यह आलेख आज यानी मंगलवार, 11 सितंबर 2018 को हर हफ्ते की तरह अपने प्रयुक्ति में प्रकाशित हुआ है) 

Tuesday, September 4, 2018

अधजली सिगरेट और अधूरा इश्क

 तारीखों का क्या। उन्हें गुजरना ही होता है। तो एक और 31 अगस्त अमृता प्रीतम को याद कर गुजर गई। उन पर बहुत कुछ लिखा गया। बहुत कुछ पढ़ा गया...।  आजाद ख्याल अमृता प्रीतम का सारा जीवन रूढ़ियों को तोड़ने में खप गया। वह अपराजेय हैं। 

अधजली सिगरेटें और अधूरे इश्क के सफहों से बाहर झांकती इस कहानी की नायिका कोई और नहीं अमृता प्रीतम हैं। ...और इसके दो नायक गीतकार साहिर लुधियानवी और पेंटर इमरोज हैं। अधजली सिगरेट और अधूरा इश्क। मेरी नजर में इस दुनिया से रुखसत कर चुकीं प्रख्यात लेखिका अमृता प्रीतम को याद करने के लिए इससे बेहतर मुक्कमल वाक्य कोई दूसरा नहीं हो सकता। अमृता की यौमे पैदाइश 31 अगस्त 1919 और रुखसत होने की तारीख 31 अक्टूबर 2005 है। प्रीतम उनके पति का नाम था। यह अलग बात है कि प्रीतम से अलग होने के बावजूद वह ताउम्र इस शब्द से अलग नहीं हो पाईं। 

तारीखों का क्या। उन्हें गुजरना ही होता है। तो एक और 31 अगस्त अमृता प्रीतम को याद कर गुजर गई। उन पर बहुत कुछ लिखा गया। बहुत कुछ पढ़ा गया...। उन पर नाटक है-अमृता : अ सबलाइम लव स्टोरी। इसका मंचन 1 नवंबर 2014 को शाइर राहत इंदौरी के शहर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के आॅडिटोरियम में हुआ था। यह जिक्र इसलिए कि नाटक देखने के लिए सारा शहर उमड़ पड़ा था। दरअसल अमृता का सारा लेखकीय संघर्ष और जीवन रूढ़ियों को तोड़ने में खप गया। सामाजिक बेड़ियों को वह ताउम्र तोड़ती रहीं। उन्होंने गैरवाजिब मानदंडों को सवालों के कठघरे में खड़ाकर मनुष्यता के अस्तित्व की लड़ाई लड़ी।  कवयित्री, उपन्यासकार और लघु कथाकार के रूप में अमृता प्रीतम ने अपना सारा जीवन अपनी शर्तों पर जिया। समाज की संकीर्ण प्रवृत्तियों का जमकर उपहास उड़ाया। उनके हिस्से में साहित्य अकादमी पुरस्कार, ज्ञानपीठ पुरस्कार और पद्म विभूषण जैसे तमाम सम्मान हैं। वह संसद के उच्च सदन राज्यसभा के लिए भी मनोनीत हुईं। नार्थ एवेन्यू में रहीं। उनसे आखिरी और पहला साबका नार्थ एवेन्यू की एमपी कैंटीन में तभी पड़ा। उनका ‘रसीदी टिकट’ मैं पढ़ चुका था। तमाम सवालात जहन में थे। इनमें सबसे बड़ा सवाल साहिर लुधियानवी को लेकर था। नमस्ते के अभिवादन के बाद हिम्मतकर कुछ पूछने की हिम्मत जुटाई। हंसते हुए गर्दन हिलाने पर पत्रकारीय नजरिये से पहला सवाल साहिर साहब पर ही कर दिया। कुछ देर खामोश रहीं। फिर बोलीं-फिर कभी। फ्लैट आना आराम से। ...और ‘फिर कभी’ नहीं आया। हिंदुस्तान और पाकिस्तान के बंटवारे के दर्द पर उनका ‘पिंजर’ इसके बाद पढ़ा। ‘रसीदी टिकट’ दरअसल उनकी आत्मकथा है। ऐसा माना जाता है कि यह प्रख्यात पत्रकार खुशवंत सिंह की अशिष्ट‘क्रिया’ की ईमानदार ‘प्रतिक्रिया’ है। खुद का पोस्टमार्टम इससे बेहतर नहीं हो सकता। जैसा जीवन जिया...सबकुछ सामने रख दिया। किशोरवय में प्रीतम के साथ लाहौर में विवाह उनके लिए घुटन भरा और अल्पावधि रहा। इसके बाद अमृता के जीवन में गीतकार साहिर लुधियानवी का प्रवेश हुआ। ...और यह रिश्ता ज्यादा न टिका पर वह साहिर लुधियानवी को कभी नहीं भुला पाईं। फिर खुद से उम्र में 10 साल छोटे इमरोज का हाथ थाम लिया। आधी सदी पहले हम भारतीय कल्पना भी नहीं कर सकते थे कि कोई औरत बिना शादी किए दशकों तक लिव इन रिलेशनशिप में किसी पुरुष के साथ रह सकती है। मगर आजाद ख्याल अमृता ने ऐसा जीवन जीकर दिखाया। बलवंत गार्गी पंजाबी भाषा के चर्चित साहित्यकार हैं। कर्जन रोड नई दिल्ली में रहते रहे हैं। इनके यहां होने वाली शाम की महफिलें मशहूर रही हैं। खुशवंत सिंह, अमृता प्रीतम, करतार सिंह दुग्गल, अलका जी, मनोहर सिंह, अली सरदार जाफरी और साहिर लुधियानवी की मौजूदगी से ये महफिलें गुलजार होती रही हैं। रसीदी टिकट के जन्म में जिस क्रिया का जिक्र है। वह यहीं का किस्सा है। खुशवंत सिंह ने हंसी ठिठोली में कहा था-अमृता की जीवनी तो इतनी सी है कि एक डाक टिकट पर लिखी जा सकती है। यही बात अमृता को चुभ गई। ...और ऐसी चुभी कि जब रसीदी टिकट सामने आया तो उसे दुनिया ने हाथो हाथ लिया। वह साहित्य प्रेमियों की ही नहीं, प्रेमी युगलों की भी चहेती बन गईं। वह आजाद ख्याल लड़कियों की रोल मॉडल बन गईं। संसद में सवालों की गूंज होने के बावजूद आज भी समाज में लिव इन वर्जित है। वह कहा करती थीं-वह धरती नरक होती है जहां महुआ नहीं उगता। महुआ की मादक महक उन्होंने ताउम्र महसूस की। चालीस के दशक में साहिर और अमृता लाहौर के कॉलेज में साथ पढ़ा करते थे। कॉलेज के कार्यक्रमों मे साहिर ने अपनी गजलों और नज्मों को पढ़कर सुनाया। उन दिनों अमृता प्रीतम उनकी गजलों और नज्मों की मुरीद हो गई थीं। यह प्यार इन्हीं गजलों और नज्मों की देन है। मगर साहिर की अधजली सिगरेटों की तरह यह इश्क अधूरा रहा। यह बाद अलहदा है कि साहिर की अधजली सिगरेटों को अमृता प्रीतम सहेज कर अलमारी में रखती रहीं। कई सालों से चर्चा सुनता आ रहा हूं कि साहिर लुधियानवी के जीवन पर फिल्म ‘गुस्ताखियां’ आने वाली हैं। मगर अब तक आई नहीं है। अब सुकून देने वाली खबर है कि संजय लीला भंसाली की ‘गुस्ताखियां’ में साहिर की भूमिका में अभिषेक बच्चन और अमृता के किरदार में आलिया भट्ट होंगे। भगवान श्रीकृष्ण की जन्माष्टमी भी गुजर गई। राधा-कृष्ण और अमृता-साहिर के प्रेम को किसी भी युग में किसी की भी ‘गुस्ताखियां’वर्जित न कर सकें। आमीन...। अमृता जब तक जिंदा रहीं... पारलौकिक दुनिया में रहीं। इस अलौकिकता से उनका संवाद उनके जीवन और कृतियों में झलकता है। 
मुकुंद
स्थानीय संपादक , प्रयुक्ति (हिंदी दैनिक), नई दिल्ली
( यह आलेख हर मंगलवार की मानिंद आज 9 सितंबर 2018 मंगलवार को प्रयुक्ति में छपा है)

Tuesday, August 28, 2018

यह मुक्तिचक्र का महापर्व है

रजस्वला महिलाओं को अछूत न समझने का वक्त आ गया है। नेपाल ने इसकी शुरुआत कर दी है। फिर हम देरी क्यों कर रहे हैं? हमारे यहां तो पौराणिक आख्यान के रूप में मां कामाख्या देवी का मंदिर भी मौजूद है। यहां योनि की पूजा होती है। मां का रजस्वला रूप सबसे पवित्र माना जाता है।
 दुनियाभर की औरतों के लिए नेपाल से अच्छी खबर है। यह मुक्तिचक्र का महापर्व है। नेपाल सरकार बधाई की पात्र है। नेपाल ने नया कानून बनाकर सदियों पुरानी अमानवीय और क्रूर ‘चौपदी प्रथा’ का खात्मा कर दिया है। इस प्रथा के अंत होने पर यह जानना बेहद जरूरी है कि आखिर यह क्या है? तो जान लीजिए। इस प्रथा के तहत मासिक धर्म यानी रजस्वला यानी पीरियड्स यानी माहवारी के दौरान महिलाओं के साथ अपवित्र और अछूतों जैसा बर्ताव होता रहा है। इस अवधि में उन्हें घर के बाहर पशुओं के बाड़े या झोपड़ी में रहना पड़ता है। उन्हें कुछ भी छूने की मनाही होती रही है। इसका सबसे क्रूरतम पहलू यह रहा है कि कई लड़कियां और महिलाएं सांप के काटने, जंगली जानवरों के हमले और कई दफा तो ठंड से मर गईं। इस अवधि में उनके साथ बलात्कार भी हुआ। नई मांओं के लिए यह स्थिति और भी दुखद होती रही है... जब बच्चे के जन्म के कुछ  दिनों बाद तक होने वाला सामान्य रक्तस्राव बंद नहीं होने पर उन्हें घर से बाहर रहने को अभिशप्त होना पड़ा। भारत यानी अपना देश भी इससे अछूता नहीं है। माना कि भारत की आधी आबादी तरक्की कर चुकी है। वह इन सब बातों को अब नहीं मान रही। बावजूद इसके बड़ा सच यह है कि गांव और कस्बों में आज भी इस चक्र के दौरान आधी आबादी पर तमाम प्रतिबंध होते हैं। जैसे-पहले दो दिन तक बाल नहीं धोना।  स्नान नहीं करना। ...और लड़कियां भी इस बात को पत्थर की लकीर समझ बैठती हैं। इस तर्क के विपरीत अगर इन दिनों में गरम पानी से नहाया जाए तो दर्द से फौरी तौर पर राहत मिल सकती है। ...क्योंकि जब कायदे बने होंगे तब बाथरूम यकीनन नहीं हुआ करते रहे होंगे। जहां से पीने का पानी भरना हो, वहां नहाना जल को दूषित कर सकता था। लेकिन अब ना तो महिलाओं के नहाने में कोई समस्या है, बल्कि टैम्पॉन लगा कर स्वीमिंग भी की जा सकती है। ऐसी ही एक और भ्रांति है-पीरियड्स के दौरान अचार न छूना। पूजा पर मनाही के साथ तुलसी के पौधे को पानी तक देने पर रोक लगा दी जाती है। बिस्तर अलग कर दिया जाता है। मगर ये अवैज्ञानिक तथ्य हैं। अब सोच बदल रही है। बकायदा वर्कशाप हो रही  हैं। बावजूद इसके हिमाचल प्रदेश से आई खबरें खौफनाक हैं। कुल्लू जिले में माहवारी के वक्त महिलाओं को गायों के बीच सोना पड़ता है। यहां के जाना गांव की बिमला एक बच्चे की मां हैं। वह कहती हैं- मासिक धर्म के वक्त वह अपने घर के भीतर कदम नहीं रख सकतीं। सर्दी में भी गोशाला के भीतर सोना पड़ता है। वरना बाहर। मंदिर नहीं जा सकती। आपको यह जानकर  हैरानी होगी कि यह वही कुल्लू है, जहां का दशहरा पूरी दुनिया में विख्यात है। कुल्लू में देवी-देवताओं पर लोगों की अटूट आस्था है। यहां के धर्मभीरू लोगों की धारणा है कि माहवारी के वक्त अगर महिला घर के अंदर गई तो घर अपवित्र हो सकता है या देवता गुस्सा हो सकते हैं। हिमाचल सरकार इससे अनजान नहीं है। वह कुल्लू में नारी गरिमा कार्यक्रम के जरिये जागरुकता लाने की कोशिश कर रही है। जनता को यह समझाने की कोशिश हो रही है कि गोशाला में रहने से बीमारियां हो सकती हैं। कुल्लू के डिप्टी कमिश्नर यूनुस का मानना है कि लोगों की धारणा को बदलना आसान नहीं है। वह कहते हैं कि हम गांवों में डॉक्टर्स की टीम और आंगनवाड़ी वर्कर्स लेकर जाते हैं। ... क्योंकि इससे लोगों की आस्था जुड़ी है। हमने कुछ पुरोहित और पुजारियों से बात की है। इनमें से कुछ ने हमारा साथ भी दिया। सवाल यह है कि मंगल ग्रह तक छलांग लगाने वाले देश से यह प्रथा खत्म क्यों नहीं हो रही। यह कितनी बड़ी विडंबना है कि जिस देश में योनि की पूजा होती हो उसी देश की महिलायें रजस्वला होने पर यंत्रणा सहने को अभिशप्त हों। धर्मभीरू और अज्ञानियो! महाशक्तिपीठ के रूप में विख्यात असम के कामाख्या मंदिर से ही कुछ सीख लो। यह मंदिर गुवाहाटी से करीब आठ किलोमीटर दूर नीलांचल पर्वत के मध्य स्थित है। यह समाज की संकुचित सोच को आईना दिखाता है। मासिक धर्म के दौरान कामाख्या देवी को सबसे पवित्र होने का गौरव प्राप्त है। कामाख्या देवी को ‘बहते रक्त की देवी’ भी कहा जाता है। मान्यता है कि हर साल जून में कामाख्या देवी रजस्वला होती हैं और उनकी योनि से रक्तप्रवाह होता है। उनके इस रक्त से ब्रह्मपुत्र नदी का रंग लाल हो जाता है। तीन दिनों के लिए मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। अंदर सफेद वस्त्र बिछा दिया जाता है। कपाट खुलने पर कपड़ा पूरी तरह रक्त से भीगा होता है। इस कपड़े को अंबुवाची वस्त्र कहते हैं। इसे ही भक्तों को प्रसाद के रूप में बांटा जाता है। मान्यता है कि मां के रज से भीगा कपड़ा प्रसाद में किस्मत वालों को नसीब होता है। तो! रजस्वला महिलाओं को अछूत ना समझने का वक्त आ गया है। यह भी जान लीजिए- इस मंदिर में कोई मूर्ति नहीं है। यहां देवी के योनि भाग की ही पूजा होती है।
मुकुंद
स्थानीय संपादक, प्रयुक्ति (हिंदी दैनिक), नई दिल्ली, कॉर्पोरेट आफिस-डी-33, सेक्टर-2, नोएडा
(यह आलेख आज यानी मंगलवार 28 अगस्त 2018 को प्रयुक्ति के संपादकीय आयोजन मंथन (पेज-9) पर प्रकाशित हुआ है)