रजस्वला महिलाओं को अछूत न समझने का वक्त आ गया है। नेपाल ने इसकी शुरुआत कर दी है। फिर हम देरी क्यों कर रहे हैं? हमारे यहां तो पौराणिक आख्यान के रूप में मां कामाख्या देवी का मंदिर भी मौजूद है। यहां योनि की पूजा होती है। मां का रजस्वला रूप सबसे पवित्र माना जाता है।
दुनियाभर की औरतों के लिए नेपाल से अच्छी खबर है। यह मुक्तिचक्र का महापर्व है। नेपाल सरकार बधाई की पात्र है। नेपाल ने नया कानून बनाकर सदियों पुरानी अमानवीय और क्रूर ‘चौपदी प्रथा’ का खात्मा कर दिया है। इस प्रथा के अंत होने पर यह जानना बेहद जरूरी है कि आखिर यह क्या है? तो जान लीजिए। इस प्रथा के तहत मासिक धर्म यानी रजस्वला यानी पीरियड्स यानी माहवारी के दौरान महिलाओं के साथ अपवित्र और अछूतों जैसा बर्ताव होता रहा है। इस अवधि में उन्हें घर के बाहर पशुओं के बाड़े या झोपड़ी में रहना पड़ता है। उन्हें कुछ भी छूने की मनाही होती रही है। इसका सबसे क्रूरतम पहलू यह रहा है कि कई लड़कियां और महिलाएं सांप के काटने, जंगली जानवरों के हमले और कई दफा तो ठंड से मर गईं। इस अवधि में उनके साथ बलात्कार भी हुआ। नई मांओं के लिए यह स्थिति और भी दुखद होती रही है... जब बच्चे के जन्म के कुछ दिनों बाद तक होने वाला सामान्य रक्तस्राव बंद नहीं होने पर उन्हें घर से बाहर रहने को अभिशप्त होना पड़ा। भारत यानी अपना देश भी इससे अछूता नहीं है। माना कि भारत की आधी आबादी तरक्की कर चुकी है। वह इन सब बातों को अब नहीं मान रही। बावजूद इसके बड़ा सच यह है कि गांव और कस्बों में आज भी इस चक्र के दौरान आधी आबादी पर तमाम प्रतिबंध होते हैं। जैसे-पहले दो दिन तक बाल नहीं धोना। स्नान नहीं करना। ...और लड़कियां भी इस बात को पत्थर की लकीर समझ बैठती हैं। इस तर्क के विपरीत अगर इन दिनों में गरम पानी से नहाया जाए तो दर्द से फौरी तौर पर राहत मिल सकती है। ...क्योंकि जब कायदे बने होंगे तब बाथरूम यकीनन नहीं हुआ करते रहे होंगे। जहां से पीने का पानी भरना हो, वहां नहाना जल को दूषित कर सकता था। लेकिन अब ना तो महिलाओं के नहाने में कोई समस्या है, बल्कि टैम्पॉन लगा कर स्वीमिंग भी की जा सकती है। ऐसी ही एक और भ्रांति है-पीरियड्स के दौरान अचार न छूना। पूजा पर मनाही के साथ तुलसी के पौधे को पानी तक देने पर रोक लगा दी जाती है। बिस्तर अलग कर दिया जाता है। मगर ये अवैज्ञानिक तथ्य हैं। अब सोच बदल रही है। बकायदा वर्कशाप हो रही हैं। बावजूद इसके हिमाचल प्रदेश से आई खबरें खौफनाक हैं। कुल्लू जिले में माहवारी के वक्त महिलाओं को गायों के बीच सोना पड़ता है। यहां के जाना गांव की बिमला एक बच्चे की मां हैं। वह कहती हैं- मासिक धर्म के वक्त वह अपने घर के भीतर कदम नहीं रख सकतीं। सर्दी में भी गोशाला के भीतर सोना पड़ता है। वरना बाहर। मंदिर नहीं जा सकती। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि यह वही कुल्लू है, जहां का दशहरा पूरी दुनिया में विख्यात है। कुल्लू में देवी-देवताओं पर लोगों की अटूट आस्था है। यहां के धर्मभीरू लोगों की धारणा है कि माहवारी के वक्त अगर महिला घर के अंदर गई तो घर अपवित्र हो सकता है या देवता गुस्सा हो सकते हैं। हिमाचल सरकार इससे अनजान नहीं है। वह कुल्लू में नारी गरिमा कार्यक्रम के जरिये जागरुकता लाने की कोशिश कर रही है। जनता को यह समझाने की कोशिश हो रही है कि गोशाला में रहने से बीमारियां हो सकती हैं। कुल्लू के डिप्टी कमिश्नर यूनुस का मानना है कि लोगों की धारणा को बदलना आसान नहीं है। वह कहते हैं कि हम गांवों में डॉक्टर्स की टीम और आंगनवाड़ी वर्कर्स लेकर जाते हैं। ... क्योंकि इससे लोगों की आस्था जुड़ी है। हमने कुछ पुरोहित और पुजारियों से बात की है। इनमें से कुछ ने हमारा साथ भी दिया। सवाल यह है कि मंगल ग्रह तक छलांग लगाने वाले देश से यह प्रथा खत्म क्यों नहीं हो रही। यह कितनी बड़ी विडंबना है कि जिस देश में योनि की पूजा होती हो उसी देश की महिलायें रजस्वला होने पर यंत्रणा सहने को अभिशप्त हों। धर्मभीरू और अज्ञानियो! महाशक्तिपीठ के रूप में विख्यात असम के कामाख्या मंदिर से ही कुछ सीख लो। यह मंदिर गुवाहाटी से करीब आठ किलोमीटर दूर नीलांचल पर्वत के मध्य स्थित है। यह समाज की संकुचित सोच को आईना दिखाता है। मासिक धर्म के दौरान कामाख्या देवी को सबसे पवित्र होने का गौरव प्राप्त है। कामाख्या देवी को ‘बहते रक्त की देवी’ भी कहा जाता है। मान्यता है कि हर साल जून में कामाख्या देवी रजस्वला होती हैं और उनकी योनि से रक्तप्रवाह होता है। उनके इस रक्त से ब्रह्मपुत्र नदी का रंग लाल हो जाता है। तीन दिनों के लिए मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। अंदर सफेद वस्त्र बिछा दिया जाता है। कपाट खुलने पर कपड़ा पूरी तरह रक्त से भीगा होता है। इस कपड़े को अंबुवाची वस्त्र कहते हैं। इसे ही भक्तों को प्रसाद के रूप में बांटा जाता है। मान्यता है कि मां के रज से भीगा कपड़ा प्रसाद में किस्मत वालों को नसीब होता है। तो! रजस्वला महिलाओं को अछूत ना समझने का वक्त आ गया है। यह भी जान लीजिए- इस मंदिर में कोई मूर्ति नहीं है। यहां देवी के योनि भाग की ही पूजा होती है।
मुकुंद
स्थानीय संपादक, प्रयुक्ति (हिंदी दैनिक), नई दिल्ली, कॉर्पोरेट आफिस-डी-33, सेक्टर-2, नोएडा
(यह आलेख आज यानी मंगलवार 28 अगस्त 2018 को प्रयुक्ति के संपादकीय आयोजन मंथन (पेज-9) पर प्रकाशित हुआ है)





