Tuesday, July 24, 2018

बहुत लंबी मसाफत है बदन की

औरत का जिस्म। हर आदमी उसे बेलिबास देखने की ख्वाहिश रखता है। खुद औरतें भी। और पुरुष का जिस्म। तो उनके दीवाने भी बढ़े हैं। बदलाव का ज्वालामुखी सुलग रहा है। अब कोई हिमालय इसे ठंडा नहीं कर सकता। फटना ही इसकी नियति है। यह सिर्फ वासनाओं का विस्फोट भर नहीं है। यह युगबोध है। इसे सबको स्वीकार करना ही होगा। आज नहीं तो कल, कल नहीं तो परसों। मगर तब तक बहुत कुछ चटक और दरक चुका होगा। गे और लेस्बियन की अवधारणा कुलांचे भर रही है। देश की सबसे बड़ी पंचायत और अदालत में इसकी चीख उठ चुकी है। पुरखों की मान्यताओं का अब कोई मायने नहीं रह गया है। आदम भूख बढ़ रही है। देह का अनचाहा वरण और इच्छापूर्ति की तकलीफदायक रंगत अब जिस्म से नहीं आंखों से गुजरकर रूह को चीर रही है। इस बदलते समाज की दुश्वारियां बेहद जोखिम भरी हैं। पिछले दिनों व्हाट्सऐप पर करीब 40 सेकेंड का वीडियो वायरल हुआ। इसमें एक औरत अपने ब्लाउज के बटन खोलकर पूरी छाती दिखाती है। इसके बाद एक मर्द के साथ सहवास करती है। यही नहीं, यू-ट्यूब पर इस औरत के कुछ क्लिप भी नुमाया हो गए। इस औरत को पोर्न स्टार ठहरा दिया गया। इत्तेफाक से यह वीडियो और क्लिप इस औरत के पास पहुंच जाते हैं। तब असल कहानी सामने आती है। दरअसल यह और कुछ नहीं नेटफिलक्स पर रिलीज सीरीज ‘सेक्रेड गेम्स’ का हिस्सा है। इसमें पति की भूमिका में नवाजुद्दीन सिद्दीकी और पत्नी की भूमिका में राजश्री देशपांडे हैं। नेटफिलक्स पर इसे कितने लोगों ने देखा, इसका कोई आधिकारिक आंकड़ा नहीं है। मगर व्हाट्सऐप पर इसे अनगिनत ग्रुप में भेजा गया। लोगों ने पूरी हसरत से देखा। राजश्री देशपांडे कई फिल्मों में काम कर चुकी हैं। उन्हें इस वीडियो और क्लिप से कोई दिक्कत नहीं है। उन्हें तकलीफ इस बात की है कि इसे पॉज कर लोगों के सामने रखा गया। दरअसल ‘सेक्रेड गेम्स’ में नवाजुद्दीन का चरित्र बिस्तर में हिंसक होता है। इससे राजश्री असहज रहती हैं। हालात बदलने पर दोनों में प्यार पनपता है। ...और खुली छाती और सहवास का दृश्य इसी की परिणति है। 

राजश्री का कहना है कि वायरल तो बहुत कुछ  हो जाता है। 30-40 सेकेंड के सीन के एक हिस्से को पॉज कर उसके छोटे वीडियो और तस्वीर बनाकर बांटना गलत है। मगर जिंदा गोश्त के सौदागर मानते ही नहीं हैं। इस कशमकश पर शायर प्रेमकुमार नजर की लाइनें माकूल हो सकती हैं-बहुत लंबी मसाफत है बदन की, मुसाफिर मुब्तदी थकने लगा है। किस्सा कोताह के केंद्र में पोर्न और वेब सीरीज है। तो इस लिहाज से 16 जुलाई को एसएल ग्रुप के सुभाष चंद्रा के ‘जी-5’ में रिलीज बॉयोपिक मूवी ‘ करनजीत कौर-द अनटोल्ड स्टोरी आॅफ सनी लियोन ’ पर चर्चा जरूरी है। सनी लियोन को कुछ लोग सनी लियोनी भी कहते हैं। मगर उन्हें कोई करनजीत कौर के नाम से नहीं जानता। 37 वर्षीय सनी लियोन पूर्व पोर्न स्टार हैं। वह कम से कम 50 अश्लील फिल्मों की नायिका रह चुकी हैं। अब भारतीय सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री हैं। इस बॉयोपिक में सनी लियोन की असल जिंदगी के कई राज सामने आए हैं। इसका ट्रेलर कुछ दिन पहले रिलीज किया गया था। इसे एक करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले। यह आंकड़ा इस बात की तसदीक करता है कि लोग नीली छवियों के संसार से अतृप्त हैं। सनी लियोन को हम हिंदुस्तानियों ने पहली बार 2011 में ‘बिग बॉस’ के पांचवें सीजन में देखा था। फिल्मकार महेश भट्ट यहां से उन्हें उठाकर ‘जिस्म 2’ में ले गए। सनी लियोन की इस बॉयोपिक में उनके पति डेनियल वेबर की भूमिका में मार्क बकर हैं। तिब्बती पिता और हिमाचली मां की संतान सनी लियोन की इस बॉयोपिक में ‘कौर’ लिखा होने पर बवाल मचा हुआ है। दरअसल ‘कौर’ हर सिख लड़की और महिला अपने नाम के आखिर में लगाती है। इसका अर्थ राजकुमारी होता है। सिखों के दसवें गुरु गोविंद सिंह के वक्त से यह परंपरा चली आ रही है। सिख समुदाय की सर्वोच्च संस्था शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की पूर्व अध्यक्ष बीबी जागीर कौर ने इस बॉयोपिक वेब सीरीज पर ‘कौर’ लिखा होने पर कड़ी आपत्ति की है। उन्होंने कहा है कि ‘कौर’ शब्द को हटाया जाए। कमेटी के प्रवक्ता दलजीत सिंह बेदी का कहना है कि सनी बचपन में सिख थी। बड़े होने पर पोर्न स्टार बन गई। ईसाई से शादी की। सिख धर्म में सिंह और कौर उपनाम का महत्वपूर्ण स्थान है। इससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचती है। जी-5 पर इस आपत्ति का क्या फर्क पड़ता है, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। मगर इसमें कोई दोराय नहीं कि सनी लियोन खुलकर बोलती हैं। 2013 में उन्होंने ट्वीट किया था -बलात्कार कोई अपराध नहीं, वो तो साश्चर्य (सरप्राइज) यौन संबंध है। यह अलग बात है कि हंगामा होने पर उन्होंने इसे डिलीट कर दिया था। वह पोर्नोग्राफी को मनोरंजन का साधन भी मानती हैं। बहरहाल जी-5 वाले कह रहे हैं बॉयोपिक में सनी लियोन के राज पहली बार सामने आए हैं। जी-5 का यह दावा गलत है। ...क्योंकि चर्चित फोटोग्राफर और फिल्मकार दिलीप मेहता की डाक्यूमेंट्री ‘मोस्टली सनी’ बहुत पहले आ चुकी है। इसमें सनी लियोन के कनाडा के सार्निया से मुंबई तक पहुंचने का सफर पहले ही दिखाया जा चुका है।
मुकुंद स्थानीय संपादक, प्रयुक्ति (हिंदी दैनिक), नई दिल्ली

Tuesday, July 17, 2018

...करे तो कयामत तक जुदा न करे

देश, समाज और कानून की चौखट में समलैंगिकता का जलता और चुभता सवाल फिजा में फिर तारी है। सुप्रीम कोर्ट में 158 साल पुरानी भारतीय दंड संहिता की धारा 377 पर निर्णायक दौर की जेर-ए-बहस छिड़ी हुई है। धारा 377 में अप्राकृतिक अपराध का जिक्र करते हुए साफ किया गया है कि जो कोई भी स्वेच्छा से प्रकृति के विपरीत किसी पुरुष, महिला या पशु के साथ शारीरिक संबंध स्थापित करता है, उसे आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है। 

दरअसल भारत दुनिया के ऐसे देशों में शुमार है, जहां समलैंगिकता अब तक अपराध है। संवैधानिक पीठ ने कहा है कि धारा 377 से सहमति से समलैंगिक यौन रिश्तों के अपराध के दायरे से बाहर होते ही एलजीबीटीक्यू समुदाय के प्रति इसे लेकर सामाजिक कलंक और भेदभाव हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा। पीठ ने यह कुबूल किया है कि भेदभाव ने इस समुदाय के लोगों के मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर डाला है। केंद्र सरकार ने भी धारा 377 की वैधानिकता का मुद्दा सुप्रीम कोर्ट के विवेक पर छोड़ दिया है। इस समुदाय की आने वाले फैसले पर अटकी सांसों पर ये लाइनें बहुत कुछ कहती हैं- रब किसी को किसी पर फिदा न करे / करे तो कयामत तक जुदा न करे। गूगल सर्च इंजन पर उपलब्ध सूचना में कहा गया है कि फिलवक्त 25 मुल्कों के कुछ राज्यों और हिस्सों में समलैंगिक विवाह को वैधानिक किया जा चुका है। ये देश हैं-नीदरलैंड, नॉर्वे, बेल्जियम, स्पेन, दक्षिण अफ्रीका, ताइवान, ब्राजील, अर्जेंटीना, कोलोंबिया, फ्रांस, आयरलैंड, आइसलैंड, पुर्तगाल, डेनमार्क, अमेरिका, जर्मनी, माल्टा, न्यूजीलैंड, संयुक्त राजशाही, मैक्सिको, स्वीडन, लक्समबर्ग, उरूग्वे, फिनलैंड और कनाडा। नीदरलैंड पहला देश है जिसने 2001 में ऐसी शादियों को मान्यता प्रदान की। बावजूद इसके इस बात का कोई पक्का आंकड़ा मौजूद नहीं है कि समूची दुनिया में कितने महिला और पुरुष समलैंगिक हैं। हालांकि समलैंगिकता का वजूद सभी संस्कृतियों और देशों में मिलता है। देश में पहली समलैंगिक शादी छत्तीसगढ़ के सरगुजा में जिला अस्पताल की 35 वर्षीय नर्स तनुजा चौहान और 25 वर्षीय जया वर्मा ने वैदिक रीति-रिवाज से की थी।  यह वाकया 27 मार्च 2001 का है। तनुजा ने पति और जया ने पत्नी के रूप में अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए। इसके बाद शानदार दावत दी थी। इसके बाद दुर्ग में डॉ. नीरा रजक और नर्स अंजनी निषाद ने समलैंगिक विवाह के लिए जिला प्रशासन के समक्ष आवेदन किया था। प्रशासन ने आवेदन को ठुकरा दिया था। यह अलग बात है कि दोनों के जीवन में इसका कोई फर्क नहीं पड़ा। दोनों साथ-साथ हैं। कुछ वक्त बाद रायगढ़ में 20 साल की रासमति और 13 साल की रुक्मणी की समलैंगिक शादी चर्चा में आई। दोनों के परिवार ने आसमान सिर पर उठा लिया। आखिर में दो दिल हमेशा-हमेशा के लिए अलग कर दिए गए। छत्तीसगढ़ पहला राज्य है, जहां इस तरह का वाकयात सबसे ज्यादा हुए हैं।  21 अप्रैल 2011 छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने दो बालिग लड़कियों को साथ रहने की अनुमति प्रदान की थी। दोनों लड़की लंबे वक्त से साथ रह रही थीं। एक लड़की के परिजनों को इस पर आपत्ति थी। हाईकोर्ट में अपने सेवाकाल के आखिरी दिन जस्टिस धीरेंद्र मिश्रा ने फैसला सुनाते हुए कहा था कि दोनों बालिग हैं और इनके साथ रहने को गैरकानूनी नहीं माना जा सकता। दोनों लड़कियों ने इस रिश्ते में जीवनभर साथ रहने का वचन दिया है। हाईकोर्ट ने दोनों से समलैंगिक रिश्ते पर सवाल किए थे। मगर इस पर दोनों ने कोई टिप्पणी नहीं की थी। 2008 में बिलासपुर की उर्वशी और सरस्वती ने शादी की थी। यह कुछ उदाहरण हैं। इनमें यह कहावत अपना वजूद स्थापित कर रही है-जब मियां-बीवी राजी तो क्या करेगा काजी। पिछले साल 30 दिसंबर की तारीख को याद करिए। 


महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में ऋषि साठावणे ने अपने पार्टनर विन के साथ शादी कर सबको चौंका दिया। ऋषि अमेरिकी नागरिक हैं। ऋषि ने अपनी फेसबुक पोस्ट पर अपनी प्रेमकथा और शादी की खुशी का इजहार किया था। गे और लेस्बियन का यह दायरा बढ़ता ही जा रहा है। ...और इसने उम्र की दीवारें तोड़ दी हैं। ऐसे ही 19 वर्षीय वरुण किशोर हैं। वह आईआईटी दिल्ली में पढ़ते हैं। वह इस बहस के अहम किरदार हैं। सुप्रीम कोर्ट जिन याचिकाओं की सुनवाई कर रहा है, उनमें एक याचिका उनकी भी है। वरुण किशोर का सवाल है-देश में दलितों के साथ गलत होता है। कानून उनके साथ खड़ा होता है। मुसलमानों के साथ गलत होता है। उनकी हिफाजत के लिए कानून है। लेकिन हमारा क्या? समाज छोड़िए, हमें तो कानून ही अपराधी मानता है। समलैंगिकता से भारतीय सिनेमा भी अछूता नहीं है। अलीगढ़ में मनोज वाजपेयी समलैंगिक किरदार में नजर आ चुके हैं। नंदिता दास और शबाना आजमी अभिनीत फायर भी इसकी गवाह है। गर्लफ्रेंड में ईशा कोपिकर और अमृता अरोरा हैं। फैशन तो फिल्म इंडस्ट्री की नीली परतें उघाड़ती है। फिल्म निर्देशक फराज आरिफ अंसारी की शॉर्ट फिल्म सिसक अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में धूम मचा चुकी है। सिसक समलैंगिकों पर बनी भारत की पहली साइलेंट फिल्म है। और आखिर में यह जान लीजिए-शिल्पकार माइकल एंजेलो गे थे। चाइना के पहले प्रधानमंत्री चाऊ एन के समलैंगिक होने का दावा एक किताब में किया जा चुका है। 

मुकुंद
स्थानीय संपादक, प्रयुक्ति (हिंदी दैनिक), नई दिल्ली

Tuesday, July 10, 2018

सांसों में बड़ी बेकरारी...आंखों में कई रतजगे

महज  कुछ सालों में आॅनलाइन सिनेमा का चेहरा पूरी तरह बदल गया है। अब वह मन और देह के निषिद्ध कोनों की पड़ताल करता है। इसमें सिनेमा तो होता है पर सिनेमाघर नहीं। इसे आप वेब सिनेमा भी कह सकते हैं। ऐसा नहीं है कि जिस्मानी रिश्तों की वर्जनायें नहीं टूटतीं। वह टूटती हैं। जरूर टूटती हैं। मगर बंद दीवारों के भीतर। ...और अकसर बिस्तर पर। मगर इस माध्यम में वह पल-पल टूटती हैं। नेटफ्लिक्स ऐसा ही प्लेटफार्म है। 15 जून को इस आभासी दुनिया में अनुराग कश्यप, जोया अख्तर, दिबाकर बनर्जी और करन जौहर की फिल्म ‘लस्ट स्टोरीज’ रिलीज हुई है। यह सिनेमा औरतों के जिस्म के भूगोल को नापता नजर आता है। देह की ख्वाहिशों के दायरों को ध्वस्त करता है। दरअसल लस्ट स्टोरीज कामुकता के ताने-बाने में बुनीं चार शार्ट स्टोरी हैं। 

वैसे भी सिनेमा की दुनिया और उसके चाहने वाले तो शुरू से ही देह की दमक के दीवाने रहे हैं। यहां प्यार नहीं है। चाहते हैं। सिर्फ जिस्म की भूख शांत करने की कशमकश है। ...और प्रेम हो भी कैसे। ...क्योंकि प्रेम तब तक सिर्फ एक शब्द भर है...जब तक आप इसका अहसास नहीं कर लेते। ...और लस्ट स्टोरीज में यह अहसास आपको नहीं हो सकता। ...क्योंकि इन चारों कहानियों की जीस्त यह है कि जिस्म तपेंगे। मचलेंगे। लस्ट स्टोरीज देखते हुए मुझे लगा कि ये कहानियां 1997 की फिल्म परदेस के गाने की तरह हैं। ये गाना है- दो दिल मिल रहे हैं, मगर चुपके-चुपके / सबको हो रही है, खबर चुपके-चुपके/ सांसों में बड़ी बेकरारी, आंखों में कई रतजगे / कभी कहीं लग जाये दिल तो, कहीं फिर दिल न लगे...। यह जरूरी नहीं कि लस्ट स्टोरीज देखकर आपको भी ऐसी ही फीलिंग हो। लस्ट स्टोरीज यदि भारत के सिनेमाघरों में रिलीज होती तो पक्का मान लीजिए कि सेंसर बोर्ड की कैंची से वह बच नहीं पाती। ...और सेंसर बोर्ड की आंखों से इसलिए नहीं गुजरी, क्योंकि हमारे देश में मोबाइल फोन पर प्रदर्शन के लिए किसी फिल्म को सेंसर बोर्ड यानी केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं पड़ती। आॅनलाइन सिनेमा बहुत तेजी से आर्थिक रूप से ताकतवर हो रहा है। स्टेटिस्टा के आंकड़ों के मुताबिक आॅनलाइन सिनेमा सेगमेंट ने अकेले यूएसए में 3, 407 मिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई की है। 2016 में वीडियो आॅन डिमांड का रेवेन्यू 11,840 मिलियन डॉलर था। 2018 के आखिर तक बढ़कर यह 21,732 मिलियन डॉलर हो जाएगा। 2016 में 218 मिलियन दर्शक आॅनलाइन सिनेमा को देख रहे थे। इस साल 2018 के अंत तक यह आंकड़ा 258 मिलियन हो जाएगा। इस फिल्म पर देश के अखबारों और चैनलों ने जमकर चर्चा की है। 

द हिंदुस्तान टाइम्स में रोहन नाहर कहते हैं कि यह फिल्म दमित सेक्सुअलिटी को अनड्रेस (उघाड़ती) करती है। द इंडियन एक्सप्रेस में अलका साहनी का विचार है कि लस्ट स्टोरीज औरत के हृदय के रहस्यों पर रोशनी डालने की कोशिश है, जिसे अकसर छुपा दिया जाता है। द न्यूज मिनट में मृदुला आर का मत है कि यह मानवीय इच्छाओं पर ईमानदार संकलन है। स्क्रॉल में नंदिनी रामनाथ कहती हैं कि ऐसी चीजें बिस्तर की चरमराहट, खुद को आनंद देना आदि, जिन्हें आमतौर पर बड़े परदे पर दिखाने की अनुमति नहीं होती, दिखाई गई हैं। फर्स्ट पोस्ट में श्वेता रामाकृष्णन का नजरिया है-यह फिल्म बॉलीवुड की सेक्सुअल जागृति की दिशा में एक और कदम है। द वायर में तनुल ठाकुर इन कहानियों को नैतिकता और ताकत को उलट-पलट करने वाली मानते हैं। बीबीसी हिंदी में मिहिर पंड्या की टिप्पणी है-ये वासना में संवेदनशीलता तलाशती कहानियां हैं। लस्ट स्टोरीज पर मीडिया विजुल में प्रकाश केरे का दृष्टिकोण बेहद संजीदा है। वह कहते हैं-वर्जनाओं से अभिशप्त देश की नियति यह है कि 70 साल की आजादी के बाद भी समलैंगिकता पर सामान्य समझ नहीं बन पाई है और लस्ट स्टोरीज जैसी अभिव्यक्तियां उदारवादी उत्सव का कारण बन रही हैं। न्यूज 18 हिंदी में मनीषा पाण्डेय का नजरिया है-लस्ट मतलब वासना। मुझे यह शब्द पसंद नहीं। कामना ज्यादा बेहतर शब्द लगता है। ...क्योंकि सभ्यता ने इसे शर्मसार नहीं किया। बस देह से उसका ताल्लुक नहीं जमने दिया। तो ये कहानियां देह में बसी कामनाओं की कहानियां हैं। यदि यह कहा जा रहा है कि लस्ट स्टोरीज वर्जनाओं को तोड़ती, उघाड़ती या रेखांकित करती है, तो कहने वाले न तो मुख्यधारा की फिल्मों से परिचित हैं और न ही इंटरनेट पर आती लघु फिल्मों से। इस क्रम में प्रकाश केरे लस्ट स्टोरीज के बहाने दिल्ली में 1857 के गदर के दौरान का किस्सा याद कराते हैं। वह कहते हैं-अदालत में एक आदमी ने मुकदमा दायर किया कि उसकी बीवी किसी दूसरे मर्द के साथ है। औरत से जब पूछा गया तो उसने जवाब दिया कि उसका पति उसे शारीरिक रूप से संतुष्ट नहीं कर पाता । इसलिए वह उसके साथ नहीं रहना चाहती। उसे अदालत ने रोका नहीं। बहरहाल अनुराग कश्यप, जोया अख्तर, दिबाकर बनर्जी और करन जौहर को आप लस्ट स्टोरीज के लिए याद रखेंगे या बॉम्बे टॉकीज के लिए। यह आपको तय करना है। इन चारों ने 2013 में भारतीय सिनेमा की 100वीं सालगिरह पर बॉम्बे टॉकीज का निर्माण किया था।  ...और पांच साल बाद चारों लस्ट स्टोरीज लेकर आए हैं। इन कहानियों को जीवंत किया है राधिका आप्टे, भूमि पेडनेकर, मनीषा कोइराला, कियारा आडवाणी, नेहा धूपिया, संजय कपूर और विकी कौशल आदि ने। 

मुकुंद
स्थानीय संपादक, प्रयुक्ति (हिंदी दैनिक) नई दिल्ली

Tuesday, July 3, 2018

तुम्हारी रूह के जख्मों से शर्मिंदा हूं मैं

मुझे काफिर घोषित कर दीजिए। ...क्योंकि मैं बेहद गुस्से में हूं। ...क्योंकि मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि अपने देश में इस श्लोक ‘ यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता:’ का कोई मायने नहीं रह गया है। ऐसे श्लोकों से कोई उपदेश नहीं ले रहा। जला दिए जाने चाहिए ऐसे ग्रंथ। ...क्योंकि अब ये उपदेश मिथ्या हैं। बलात्कारी बेखौफ हैं। इन्हें फांसी का भी डर नहीं है। अगर होता तो 2012 के निर्भयाकांड के गुनहगारों का हश्र देखकर मंदसौर में हैवानियत की वैसी ही कहानी दुहराई नहीं जाती। इस बार भेड़ियों ने मासूम के साथ दरिंदगी की। कुछ साल से ऐसी घटनाओं की बाढ़ आ गई है। हर बार किरदार बदलता है। मगर इन सबके केंद्र में योनि ही होती है। पिछले साल उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में एक व्यक्ति ने अलग रह रही पत्नी के साथ जबरन संबंध बनाने के बाद योनि पर तेजाब की शीशी उड़ेल दी थी। ...और 2016 में दिल्ली पुलिस ने अनिल कुमार (28) को गिरफ्तार किया था। आप यह सोच भी नहीं सकते कि इसका गुनाह क्या था? सुन लीजिए-वह खादर में एक महिला की लाश के साथ बलात्कार कर रहा था। आखिर यह क्या हो रहा है? लड़की के प्यार ना कुबूल करने पर बलात्कार। दो घरों में दुश्मनी पर परिवार की महिलाओं के साथ बलात्कार। स्कूल, मंदिर, चर्च, मसजिद, कार, बस, घर- हर जगह बलात्कार। आदर्श से आतंक के ठिकानों में बलात्कार।

  आखिर क्यों?  हर कुंठा के केंद्र में योनि। मानो-भय, क्रोध, दंभ, अहंकार, प्रतिशोध, हिंसा, नफरत और अनंत सुख के आग की पराकाष्ठा यहीं आकर शांत होती है। मंदसौर की खूंरेजी वारदात पर मोनिका जौहरी की कविता मौजूदा समाज का खौफनाक सच सामने रखती है। ...और यह भी कि बलात्कार की पीड़ा क्या होती है, इसे औरत से बेहतर कोई और नहीं समझ सकता। लिखने को लिखा जा सकता है कि यह औरत के लिए दोजख है। समाजवादी चिंतक डॉ. राममनोहर लोहिया को भी बीच बहस रखा जा सकता है। वह कहते रहे हैं-औरत बेवफाई के अलावा सबकुछ बर्दाश्त कर सकती है। कुछ लोग इसका आशय यह निकाल सकते हैं कि वह बलात्कार को स्वीकार कर सकती है। ऐसा समझने और मानने वालो-हरगिज नहीं। औरत को दोजख में ले जाने वालो मोनिका जौहरी का काव्य विद्रोह पढ़ो- यहां पूजा जाता है लिंग / और...योनियों में ठूंस दी जाती हैं / मोमबत्तियां... / प्लास्टिक की बोतलें... / कंकड़-पत्थर.. / लोहे की सलाखें तलक... / चीर दिया जाता है गर्भ... / कर दी जाती है बोटी-बोटी / दौड़ाया जाता है जिस्म नंगा कर सरेबाजार.../ बता डायन खींच ली जाती है सलवार... / और बना देवदासी भोगा जाता है बार-बार.../ और आप / मुझे भाषा की श्लीलता और अश्लीलता सिखाए जाने को मरे जा रहे हैं/ मर्यादा के नाम पर / सच को ढाके रखने की यह सांस्कृतिक विरासत रखें अपने पास... / विद्रोह मयार्दा में बने रहना नहीं, मयार्दाएं तोड़ देना है...। यह तो रही कविता की बात। भेड़ियो! कल्पना करो। अगर औरत भी जानवर बन गई तो क्या होगा? अगर औरत भी मुट्ठी तानकर विद्रोह कर बैठी तो ? यकीन मानना अगर वह भी कानून के मंदिर से ऊपर जाकर सजा का ऐलान करने लगी तो? और वह अपनी जमात के बीच यह सजा सुना दे कि सिर्फ इसके हाथ-पैर काटकर हमाम में भेज दो। ताकि बेलिबास जनाना जिस्म देखकर उसका बदन तपने लगे। और सुबह होने से पहले उसके लिंग को काटकर कुत्तों को खिला दिया जाए। बहरहाल इन भेड़ियों को पनाह देने के लिए समाज ही जिम्मेदार है। अगर ऐसा नहीं होता तो औरत की देह पर पाबंदियां नहीं होतीं। खुद को विकासशील कहते हैं। यह भी कहते हैं-बेटा-बेटी में कोई फर्क नहीं। ...और जब बात लड़की की आती है तो शुरू हो जाता है प्रपंच। यहां मत जाओ। उसके साथ नहीं जाना। हमारी मर्जी से शादी करनी होगी। तलाक नहीं लेना है। सालभर में पहला बच्चा पैदा करो। सिर के अलावा शरीर के सारे बाल निकालो। छरहरी दिखो। मगर इतनी दुबली भी नहीं कि छाती चपटे तवे सी लगे। टांग छुपाओ। हद तो यह है कि औरत के दुश्मन गंवार और अनपढ़ ही नहीं, बल्कि गरिमामय पदों पर विराजमान लोग तक बने हुए हैं। बिहार के एक जज को देख लीजिए। इसने अपनी बेटी को घर में इसलिए बंधक बना लिया कि वह सुप्रीम कोर्ट के एक वकील से प्यार करती है। कैसे लोग हैं ये। तो भेड़ियो! लिंग को काटकर कुत्तों को खिलाने का जनाना फैसला विद्रोह और बदले का काल्पनिक पक्ष है। मगर आवाज  उठनी शुरू हो गई है। लोग नहीं चाहते कि हैवानों को अब फांसी हो। लोग क्या चाहते हैं, इसका छोटा सा नजरिया वरिष्ठ पत्रकार और संपादक कल्पेश याग्निक के ‘असंभव के विरुद्ध’ में देखने को मिला।  इसका निष्कर्ष है-मंदसौर की 7 वर्षीय बच्ची रक्तरंजित है। सुरक्षा व्यवस्था और कानून के रखवाले कलंकित हैं। पौरुष पराजित है। किंतु, तीसरी कक्षा की उस नन्ही छात्रा को वहशी हमले का शिकार बनाने वाले इरफान और आसिफ को फांसी नहीं मिलनी चाहिए। इन्हें ताउम्र जेल में रखा जाए। ...और आखिर में मकबूल और अजीज शायर देवेंद्र मांझी के हवाले से -क्या बताऊं दोस्तो कैसा हूं मैं / रूह के जख्मों से शर्मिंदा हूं मैं। 

मुकुंद
स्थानीय संपादक, प्रयुक्ति (हिंदी दैनिक), नई दिल्ली