आजादी के महानायक महात्मा गांधी के सत्य और ब्रह्मचर्य के प्रयोग की जीस्त नए समाज की स्थापना का सपना दिखाती है। कोई कुछ कहे यह कहानियां अजर-अमर हैं। पंडित नेहरू और पद्मजा नायडू का इश्क बेहद दिलचस्प है।
मुकुंद
स्थानीय संपादक
प्रयुक्ति
शादी, प्रेम प्रसंग और विवाहेत्तर संबंध...। यह दैहिक त्रिकोण है। ऐसा त्रिकोण-शायद ही इससे कोई बच पाया हो। जो बच गया...सचमुच वो फरिश्ता है। फना करते जिस्मों में इश्क के ज्वालामुखी फटते ही रहते हैं। आजादी के महानायक और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य और ब्रह्मचर्य के प्रयोग तो तमाम वर्जनाओं और मिथकों को तोड़ते नजर आते हैं। वह नए समाज की स्थापना के वाहक नजर हैं। ऐसी तमाम कहानियां इतिहास का हिस्सा हैं। इनकी जीस्त परतों में लिपटी प्याज की पोथी से कम नहीं है। हर परत में सुलगती देह का दावानल है। इस प्रस्तावना का पहला हिस्सा देखिये। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के रिश्तों पर लोग मुंहजुबानी चर्चा करते रहते हैं। कोई लेडी माउंटबेटन से तो कोई शारदा माता के साथ नाम जोड़ता है। सरोजनी नायडू की बेटी पद्मजा नायडू से भी वह मोहब्बत करते रहे हैं। नेहरू के जीवनीकार एस गोपाल ने ‘सिलेक्टेड वर्क्स’ में पद्मजा को संबोधितप्रेम पत्र प्रकाशित किए हैं। 1937 में नेहरू ने पद्मजा को लिखा था-तुम 19 साल की हो (जबकि वो उस समय 37 साल की थीं) ... और मैं 100 या उससे भी से ज्यादा। क्या मुझे कभी पता चल पाएगा कि तुम मुझे कितना प्यार करती हो। एक बार मलाया से नेहरू ने पद्मजा को लिखा-मैं तुम्हारे बारे में जानने के लिए मरा जा रहा हूं। मैं तुम्हें देखने, तुम्हें अपनी बाहों में लेने और तुम्हारी आंखों में देखने के लिए तड़प रहा हूं। नेहरू के दामाद और इंदिरा गांधी के पति फिरोज गांधी का हम्मी से इश्क शायद लोगों को मालूम भी ना हो। संजय गांधी का नाम भी रुखसाना सुल्ताना से जुड़ चुका है। पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेई और राजकुमारी कौल का इश्क अब किसी से छिपा नहीं है। पूर्व रक्षामंत्री जॉर्ज फर्नांडिस और जया जेटली के रिश्तों पर भी चर्चा होती रहती है।
समाजवादी नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की दूसरी शादी पर बहुत कुछ छप चुका है। नारायणदत्त तिवारी की रंगीनियां तो सबसे दिलचस्प हैं। वामपंथी इंदरजीत गुप्त ने नए किस्म का इश्क किया। 62 साल की उम्र में शादी कर दुनिया को चौंकाया। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के सबसे करीबी आरके धवन ने 74 साल की उम्र में अपनी शादी को सार्वजनिक जीवन में कुबूल कर संजीदगी का परिचय दिया। तो आइए अब उपसंहार करते हैं। इसके केंद्र में दुनिया में ब्रह्मचर्य के पहले प्रयोगधर्मी महात्मा गांधी हैं। साठ के दशक में उनके अनुयायी निर्मल कुमार बोस की किताब ‘माई डेज विद गांधी’ आई थी। बोस इसमें राष्ट्रपिता का अपना संयम परखने के लिए आश्रम की महिलाओं के साथ निर्वस्त्र सोने और मसाज करवाने का जिक्र कर सनसनी फैला चुके हैं। अगस्त 2014 में लंदन के अखबार ‘द टाइम्स’ में छपी स्टोरी बेहद दिलचस्प है। दरअसल लंदन के पार्लियामेंट स्क्वॉयर में गांधी की मूर्ति लगनी थी। इसका बुजुर्ग गांधीवादी इतिहासकार कुसुम वदगामा (82) विरोध कर रही थीं। ‘द टाइम्स’ ने कुसुम का इंटरव्यू छापा। कुसुम ने कहा-गांधी को सेक्स की बुरी लत थी। वह इतने ज्यादा कामुक थे कि ब्रह्मचर्य के प्रयोग और संयम परखने के बहाने अपने चाचा अमृतलाल तुलसीदास गांधी की पोती और जयसुखलाल की बेटी मनुबेन गांधी के साथ सोने लगे। वैसे तो गांधी के ब्रह्मचर्य के प्रयोग पर कई किताबें लिखी जा चुकी हैं।
मगर ब्रिटिश इतिहासकार जेड एडम्स की ‘गांधी नैकेड ऐंबिशन’बेहद अलग है। 2010 में छपी इस किताब में गांधी को असामान्य सेक्स बीहैवियर वाला अर्द्ध दमित सेक्स मैनियॉक कहा गया है। एडम्स ने दावा किया था कि गांधी सहजता से महिला अनुयायियों को वशीभूत कर लेते थे। इससे पहले 2006 में गिरिजा कुमार की ‘ब्रह्मचर्य गांधी एंड हिज वीमेन एसोसिएट्स’ आ चुकी है। इसमें ऐसी डेढ़ दर्जन महिलाओं का खुलासा किया गया जो गांधी के साथ नग्न सोयीं एवं नहाईं और ब्रह्मचर्य के प्रयोग में सहयोगी रहीं। इनमें मनु, आभा गांधी, आभा की बहन बीना पटेल, सुशीला नायर, लोकनायक जयप्रकाश नारायण की पत्नी प्रभावती, राजकुमारी अमृतकौर, बीवी अमुतुसलाम, लीलावती आसर, प्रेमा बहन कंटक, मिली ग्राहम पोलक, कंचन शाह, रेहाना तैयबजी हैं। इस किताब में दावा किया गया कि प्रभावती ने गांधी के आश्रम में रहने के लिए लोकनायक को छोड़ दिया था। बहरहाल इससे तो सब वाकिफ हैं कि अपने पिता की मृत्यु के वक्त गांधी अपनी पत्नी के साथ संभोगरत थे। यह बात गांधी ने खुद अपनी आत्मकथा में लिखी है। और यह भी कि देश की आजादी की पूर्व संध्या पर बंगाल के नोआखली जिले में हिंदू-मुस्लिम दंगे होने पर गांधी ने विवादास्पद प्रयोग किया। उन्होंने अपनी नातिन और सहयोगी मनु गांधी को अपने साथ बिस्तर में सुलाया। इतिहासकार पैट्रिक फ्रेंच ने लिखा है कि हालांकि गांधी के कुछ अपरंपरागत विचारों के केंद्र में प्राचीन हिंदू दर्शन रहा है। मगर वो नैतिकता और स्वास्थ्य, खान-पान एवं सांप्रदायिक जीवन को लेकर अपने झक्की सिद्धांतों की वजह से विक्टोरियाई युग के व्यक्ति लगते थे। वह मीरा बेन (मेडेलीन स्लेड), निला नागनी (मैसूर के राजकुमार से इश्क करने वालीं निला क्रैम कुक), रविंद्रनाथ टैगोर की भतीजी सरला देवी चौधरानी के भी करीब रहे हैं। सरला को तो गांधी अपनी ‘आध्यात्मिक पत्नी’ कहते थे। यौन संबंधों के इर्द-गिर्द घूमती ये कहानियां अजर-अमर हैं। यह जिंदादिल इनसानों की कहानियां हैं।
यह आलेख आज यानी 18 अक्टूबर 2018 दिन मंगलवार को प्रयुक्ति (हिंदी दैनिक) नई दिल्ली के अंक में उपलब्ध है।



















