Friday, June 29, 2018

कदम-कदम अमोली...ठौर-ठौर पर सौदागर

देश में हर आठ मिनट में एक बच्चा गुम होता है। करीब 36 लाख बच्चे मानव तस्करों के हत्थे चढ़ जाते हैं। इन बच्चों में ज्यादातर बच्चियां होती हैं। गांव, देहात और कस्बानुमा शहरों से गायब की गई ये बच्चियां महानगरों की अंधी गलियों और सीलन भरी कोठरियों में कैद हो जाती हैं। इन्हें जिंदा गोस्त के सौदागर वेश्यावृत्ति के लिए बदनाम जीबी रोड, कमाठीपुरा और सोनागाछी जैसी मंडियों में बेच देते हैं। 

भारतीय समाज के इस जलते मसले पर 30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री ‘अमोली : प्राइसलेस’ को 7 मई को अंग्रेजी, हिंदी, तेलुगू, बंगाली, मराठी और कन्नड़ भाषा में फेसबुक और यू ट्यूब पर रिलीज किया गया है। अमोली की कथावस्तु इतनी मजबूत है कि इसे 8 मई तक तीन लाख से ज्यादा लोगों ने देखा। इसके कथानक में सिलीगुड़ी से पांच साल पहले गायब होने वाली बच्ची अमोली है। रिलीज से पहले अमोली का ट्रेलर भी सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। ट्रेलर देखने से ही साफ हो गया था कि फिल्मकार ने बेहद गंभीर मुद्दे के कैमरेमें जीवंत किया है। अमोली को केंद्र में रखकर कैमरा बच्चों के यौन शौषण की बदसूरत शक्ल को सामने रखता है। अमोली के हिंदी संस्करण को राजकुमार राव की आवाज ने दमदार बना दिया है। ये वही राव हैं, जो न्यूटन में अपना प्रभाव छोड़ चुके हैं। वह जब कहते हैं- ये सिर्फ एक स्टेटिस्टिक्स नहीं...। गौर करें तो हर नंबर के पीछे एक बच्चे की कहानी होती है। और जब वह कहते हैं-नीलम की यह हंसी भी एक माया है। दृश्य और आवाज के इस जादू से रूह कांप जाती है। इसके तमिल संस्करण में अभिनेता कमल हासन की आवाज है। अमोली के कन्नड़ संस्करण के सूत्रधार पुनीत राजकुमार, बंगाली संस्करण के जीशू सेनगुप्ता और अंग्रेजी संस्करण की विद्या बालन हैं। यह वृत्तचित्र चार हिस्सों- मोल, माया, मंथन और मुक्ति में बंटा हुआ है। इसका हर हिस्सा बाल यौन शोषण की काली दुनिया से सीधी मुठभेड़ कराता है। ऐसी समस्याओं को हर मंच और हर माध्यम पर उठाने की जरूरत है। ...क्योंकि भारत का नाम दुनिया के सबसे बड़े बाल तस्करी बाजार के रूप में बदनाम हो चुका है। यह कारोबार करीब 32 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है। अमोली में सेक्स के लिए बच्चों की मांग करने वाले पुरुषों के लिए कठोर दंड के प्रावधान की गूंज हुई है। इस मनोविज्ञान को भी समझाने की छोटी कोशिश हुई है कि ऐसे लोगों को अगर सजा का डर होगा तो शायद ऐसी घटनायें रुक सकें। नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो की रिपोर्ट चीख रही है कि देश में वाणिज्यिक यौन शोषण के तीन मिलियन पीड़ितों में से 40 फीसदी बच्चे हैं। अमोली का निर्माण कल्चर मशीन मीडिया प्राइवेट लिमिटेड ने किया है। इसके सीईओ और सह-संस्थापक समीर पिटलवाला मानते हैं कि राजनीतिक प्रतिबद्धता, सक्रिय कानून प्रवर्तन, सख्त एवं त्वरित न्याय की व्यवस्था से ही ‘अमोली’ को बिकने से रोका जा सकता है। अमोली की कहानी को शब्दों में पिरोया है जैसमीन कौर रॉय ने। निर्देशन भी उन्हीं का है। इससे पहले जैसमिन डिप्लोमा फिल्म ‘सांझ’ बना चुकी हैं। इसे 2005 में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से नवाजा जा चुका है। अमोली को लिखने में जैसमिन का साथ दिया है अविनाश रॉय ने। दोनों ने विषय की गंभीरता को शिद्दत से महसूस कर लैंडस्कैप को उकेरने में सिनेमैटिक हथियार का बेहतरीन प्रयोग किया है। इस डॉक्यूमेंट्री में जांच अधिकारी कहता है-जब तक आप कस्टमर को सजा नहीं देंगे तब तक देह व्यापार में डिमांड कम नहीं होगी। यही अमोली का असल संदेश है। देह व्यापार से जुड़ी यह खौफनाक कहानी और भी बहुत कुछ कहती है। इससे पहले ‘इंडियाज डॉटर’ में कुछ ऐसे ही गंभीर सवाल उठाए जा चुके हैं। 2012 में पत्रकार सोनिया फिलेरो की किताब ‘ब्यूटीफुल थिंग’ मुंबई के डांस बार के पीछे की दुनिया की परतें सामने ला चुकी है। मगर अमोली इन सबसे जुदा है। यह सच, सोच और समाधान पर आधारित डिजिटल डॉक्यूमेंट्री है। महिला और बाल विकास मंत्रालय की रिपोर्ट कहती है कि देश में 30 लाख से अधिक महिलाएं देह व्यापार में शामिल हैं। इनमें लगभग 36 फीसदी को 18 साल की उम्र के पहले ही कोठों में बेच दिया गया। ह्यूमन राइट्स वॉच की रिपोर्ट तो और भी डरावनी है। यह कहती है कि भारत में लगभग दो करोड़ सेक्स वर्कर हैं। देश के सबसे बड़े रेड लाइट एरिया सोनागाछी में अनगिनत अमोली कैद हैं। यहां करीब तीन लाख लड़कियों से जबरन देह व्यापार कराया जाता है। ऐसा ही हाल कमाठीपुरा का है। यहां दो लाख से ज्यादा महिलायें हैं। इन अमोलियों की देह से देश में रोजाना लगभग 2000 लाख रुपये वसूले जाते हैं। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के अध्ययन के मुताबिक देश में 68 फीसदी अमोलियों को रोजगार के झांसे और 17 प्रतिशत को विवाह का लालच देकर कोठों में बेच दिया जाता है। यह बड़ा सच है कि देह व्यापार पूरी दुनिया में महिलाओं की दैहिक स्वातंत्रता पर कलंक है। हमारे देश में स्त्री को पूज्य माना गया है। बावजूद इसके मासूम अमोलियों की देह का सौदा हो रहा है। कदम-कदम पर अमोली बिक रही है। ठौर-ठौर पर जिस्म के सौदागर मौजूद हैं।
मुकुंद 
स्थानीय संपादक, प्रयुक्ति (हिंदी दैनिक), नई दिल्ली, प्रकाशन तिथिः 29 मई 2018 

Tuesday, June 26, 2018

..क्योंकि अश्लीलता आंख में है!


दो-चार रोज पहले केरल हाईकोर्ट ने कहा-अश्लीलता देखने वालों की आंखों में होती है। सचमुच ब्रेस्ट फीडिंग पर यह बड़ा फैसला है। यह टिप्पणी तो और भी अहम है। यह फैसला केरल से छपने वाली पत्रिका गृहलक्ष्मी और मलयालम मॉडल 27 वर्षीय गीलू जोसेफ के लिए बेहद राहत भरा है। दरअसल इस पत्रिका के कवर में गीलू जोसेफ की ब्रेस्ट फीडिंग की तसवीर छपी थी। 

इसके कैप्शन में लिखा था-केरल की माएं कह रही हैं, कृपया घूरें नहीं। हमें स्तनपान की जरूरत है। इस पर देशव्यापी बहस हुई। आपको अगर याद हो तो इसी जगह 6 मार्च को मैं इसी संदर्भ में ‘...क्योंकि इसी में है सारा जहान!’ शीर्षक से नुमाया हुआ था। बहरहाल पत्रिका और गीलू जोसेफ को कानूनबाजी में उलझाने वाले वकील विनोद मैथ्यू को तगड़ा झटका लगा है। हाईकोर्ट ने याचिका खारिज कर दी है। यह याचिका इस तसवीर को कामुक और अश्लील बताते हुए दायर की गई थी। कुछ लोगों को यह भी दिक्कत थी कि गीलू जोसेफ ईसाई हैं। अविवाहित हैं। लेकिन तसवीर में उन्होंने मांग पर सिंदूर लगाया है। और गले में मंगलसूत्र पहना है। केरल हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एंटोनी डोमिनिक और जस्टिस डामा शेषाद्रि ने फैसले में अभूतपूर्व टिप्पणी की है-‘जैसे खूबसूरती देखने वालों की आंखों में होती है, ठीक वैसे ही अश्लीलता भी देखने वालों की आंखों में होती है। भारतीय कला ने हमेशा मानव शरीर को खूबसूरती से दर्शाया है। फिर चाहे वो कामसूत्र हो और राजा रवि वर्मा की पेंटिंग हों या अजंता की मूर्तियां। आज के मुकाबले पहले के लोग ज्यादा समझदार थे।’ यहां यह काबिलेगौर है कि गीलू जोसेफ ने तब कहा था- मैं वही करती हूं जो मुझे लगता है कि वह मेरे लिए ठीक है। मैं गलत हो सकती हूं, लेकिन मुझे इसका कोई अफसोस नहीं है। महिलाओं को बिना किसी निषेध और डर के आजादी के साथ ब्रेस्ट फीड कराना चाहिए। बहरहाल गीलू जोसेफ से पहले 2012 में टाइम पत्रिका अपने कवर में ऐसी ही तसवीर छाप चुकी थी। 

वैसे ब्रेस्ट फीडिंग सारी दुनिया में बहस का मुद्दा रहा है। पिछले साल 2017 में किर्गिस्तान में राष्ट्रपति की सबसे छोटी बेटी आलिया शागयीवा के अपने बच्चे को ब्रेस्टफीड कराने की तसवीर पर भी ऐसा हंगामा हो चुका है। उन्होंने यह तसवीर अप्रैल में सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। इस पर लिखा था-मेरे बेटे को भूख लगती है तो मैं कहीं भी और कभी भी उसे स्तनपान कराती हूं। हैरानी यह है कि इस तसवीर से उनके पिता राष्ट्रपति अल्माजबेक आत्मबयेव और मां राइसा भी नाराज थीं। शर्मनाक यह है कि इस तसवीर पर आलिया को समाज के बड़े वर्ग की खरी-खोटी सुननी पड़ी। सरमायेदारों ने अनैतिक व्यवहार का इतना राग अलापा कि आलिया को आखिर में इस पोस्ट को डिलीट करना पड़ा। इससे आहत आलिया ने कहा था-यह बहस उस संस्कृति का हिस्सा थी, जिसमें महिला के शरीर को कामुकता से जोड़कर देखा जाता है। दरअसल हमारे देश यानी भारत में दिक्कत यह है कि अश्लीलता क्या है? इसकी कोई सर्वमान्य कानूनी परिभाषा अभी तक तय नहीं हो पाई है। किसी को औरतों का मटकना अश्लील लगता है तो किसी को उनकी आंख का इशारा। किसी को ब्रेस्ट देखकर तकलीफ होती है तो किसी को उनकी टांग। किसी को लड़कियों का जींस पहनना अश्लील लगता है और किसी को लड़कों का चूमना। आखिर संस्कृति और अश्लीलता की लाठी कितनी बार औरतों को लहूलुहान करती रहेगी। पागल लोग यह समझने को तैयार ही नहीं हैं कि हमारे मुल्क में हजारों तरह की संस्कृतियां एक साथ जीवंत हैं। कामसूत्र की धरती है। तमाम मंदिरों में संभोग के दृश्य हैं। अंडमान द्वीप पर तो कुछ लोग अब भी बेलिबास रहते हैं। एक ऐसा भी दौर रहा है इसी महादेश में, जिसके कई हिस्सों में कुआंरी लड़कियों की बात छोड़िए, शादीशुदा औरतें तक ब्लाउज नहीं पहनती थीं। पिछली सदी में कुछ औरतों ने अपनी स्मृति रचनाओं में लिखा है कि दादी-नानी के जमाने में कोई युवती ब्लाउज पहन ले तो उसको अश्लील कहकर डांटा जाता था। महिलाएं रात को छिपकर ब्लाउज पहनती थी। वह भी अपने पति को रिझाने के लिए। बात आंख से शुरू हुई है और आंख पर ही आकर ठहर गई है। आंखों पर यकीन मानिये एक बहुत प्यारी गजल है। यह फिल्म उमराव जान में अभिनेत्री रेखा पर फिल्माई गई है। पढ़िए- इन आंखों की मस्ती के मस्ताने हजारों हैं / इन आंखों से वाबस्ता अफसाने हजारों हैं /  इन आंखों... / इक तुम ही नहीं तन्हा, उलफत में मेरी रुसवा / इस शहर में तुम जैसे दीवाने हजारों हैं / इन आंखों... / इक सिर्फ हम ही मय को आंखों से पिलाते हैं / कहने को तो दुनिया में मयखाने हजारों हैं / इन आंखों... / इस शम्म-ए-फरोजां को आंधी से डराते हो / इस शम्म-ए-फरोजा के परवाने हजारों हैं / इन आंखों...।  ...और दोस्तो अगर आंखों से अब भी अश्लीलता का चश्मा ना उतर रहा हो तो  किसी रंगशाला में ‘किस्सा योनि का’ नाटक जरूर देख लें। यह अमेरिकी नाटककार ईव एंसलर की रचना ‘द वैजाइना मोनोलॉग्स’ पर आधारित है। इसमें यौन संबंध, बलात्कार, घरेलू हिंसा, मासिक धर्म, समलैंगिकता और प्रसव जैसे नितांत वैयक्तिक मुद्दे पर बात होती है। यह नाटक कई वर्जनाओं को तोड़ता है। 

मुकुंद
स्थानीय संपादक, प्रयुक्ति (हिंदी दैनिक), नई दिल्ली 

Tuesday, June 19, 2018

जहां जिस्म की सरहदें खत्म होती हैं...




याद है इक दिन / मेरी मेज पे बैठे-बैठे / सिगरेट की डिबिया पर तुमने / एक स्केच बनाया था / आकर देखो / उस पौधे पर फूल आया है! गुलजार साहब की यह बेहद खूबसूरत नज्म है। मोहब्बत के शुरुआती दरमियां शाम-ओ-सहर हमपेशा दोस्तों की वैचारिक महफिल में तमाम संजीदा लोग इसे सुनाकर फौरी तौर पर सुकून महसूस करते हैं। इस संजीदगी में गजब की आशनाई होती है। नशे से तारी आंखों में माशूका का चेहरा कौंध जाता है। उंगलियों में फंसी सिगरेट लबों पर जाती है और गहरे कश के बाद फिर ऐशट्रे में मसल दी जाती है। कुछ वक्त पहले की रात है। ऐशट्रे देखकर आंखें फटी की फटी रह गईं। कार्ट टू इंडिया की यह ऐशट्रे आॅनलाइन शॉपिंग वेबसाइट अमेजन के जरिये दोस्तों के बीच मेज पर थी। इस पर एक बेलिबास औरत की आकृति है। इस पर जलती हुई सिगरेट बुझाते हैं। इसे कुछ साल पहले खरीदा गया था। वैश्विक बाजारवाद के इस युग में इस ऐशट्रे की आस में बहुतेरी कोशिश की। कंप्यूटर और स्मार्ट फोन पर कई घंटे गंवा दिए। आखिर में राजफाश हुआ कि विरोध की वजह से इसे अमेजन से हटाया जा चुका है। सवाल इसके हटाने ना हटाने का नहीं है। 


यक्ष प्रश्न यह है कि रोजाना मिनट-दर-मिनट मासूम औरतों से हो रहे बलात्कार के महादेश में इसे क्यों बेचा गया। बाजारवाद के भयावह दौर के इस रंग रूप पर मां जीवन शैफाली की कविता ‘सरहद पर ’ याद आ रही है- रेशमी धागों सी रात में / जब जिस्म उलझता है / तो खुलने लगती हैं / पोशीदा परतें रूह की / कि एक तेरे नाम की खातिर / कई जिस्मों से गुजरा हूं मैं / तुम मिले भी तो कहां / जहां जिस्म की सरहदें खत्म होती हैं...। यह रचना जिस्म को लोभान की तरह पिघलाने लगती है। मां जीवन शैफाली से क्षमायाचना के साथ...। और लगता है कि इन सरहदों को समेटने की खातिर ही ऐसे उत्पाद अमीरों के मयखानों पर सज रहे हैं। ऐसी ऐशट्रे पर लेखिका सुमन किशोरी के बड़े सवाल हैं-अगर सिगरेट बुझाने के लिए स्त्री की योनि सामने उपलब्ध हो, तो सच बतलाइए, आपको कैसा लगेगा? उत्तेजना से भर जाएंगे आप? अथवा डर कर कांप जाएंगे अथवा जुगुप्सा से भर जाएंगे आप या इट्स ओके यार! जैसा कुछ  मन में आएगा, जिसे सर्वे की भाषा में नो ओपेनियन कह कर छुट्टी पाने का प्रयास माना जाएगा। वो कहती हैं-वास्तव में यह समाज में फैल रही वैचारिक निष्क्रियता अथवा इनडिफरेंट रवैये का प्रतिबिंबन है। इस पर सवाल तो और भी लोगों ने उठाए हैं। ...और उठाए भी जाने चाहिए। ...क्योंकि औरत पहले से बदल चुकी है। पुरुषवादी सोच ऐसी असंख्य ऐशट्रे बेचकर अब उसे अब गुलाम नहीं बना सकती। देह की पवित्रता और योनि शुचिता की बदलती अवधारणाओं के बीच आज की औरत चीख रही है अगर तुम्हें विवाहेतर संबंध बनाने की छूट है तो हमें क्यों नहीं? सच में अगर किसी में हिम्मत है तो जवाब दे सामने आकर। ...और अब फिर मां शैफाली की कविता ‘सरहद पर’ की आखिरी दो लाइनें-तुम मिले भी तो कहां / जहां जिस्म की सरहदें खत्म होती हैं...। सच में प्यार में कभी-कभी ऐसा भी होता है। मन की आंखों से होता हुआ है तन के भूगोल पर घूमने लगता है। इस पर प्रख्यात मनोवैज्ञानिक अब्राहम मास्लो की थ्योरी है- नीड हैरारकी। वह कहते हैं-जब किसी इनसान की भौतिक जरूरतें पूरी हो जाती हैं तो उसे प्यार और बिलॉन्गिंनेस (के साथ रहकर सुख प्राप्त करना) की जरूरत महसूस होती है। हालांकि इससे इतर हवाई यूनिवर्सिटी की मनोवैज्ञानिक इलियेनी हेटफील्ड का मानना है कि पैशनेट लव यानी तीव्र महत्वाकांक्षा, अनुराग के साथ एंग्जाइटी और सेक्सुअल अट्रैक्शन है। अगर ये चीजें पूरी नहीं हों तो ऐसा प्यार जल्द ही छूमंतर हो जाता है। यहां इलियेनी के तर्क काफी हद तक सच के इर्द-गिर्द नजर आ रहे हैं। बावजूद इसके दिलों का बाजार गुलजार है। खरीदने वाले भी बहुतेरे हैं।  पर इत्ता यकीन मानिये ऐसा दिलदार खरीदार बामुश्किल मिलता है जो आपके दिल को सात जन्मों तक सहेज कर रख सके। ...और मां शैफाली की इस कविता के साथ अगले हफ्ते तक के लिए फिलहाल विदा-यह मेरे जीवन की / सबसे अश्लील और अंतिम कविता है / जब मैं अपने स्थूल भगोष्ठों पर / तुम्हारी चेतना के  सूक्ष्म स्पर्श को / अनुभव करते हुए / ब्रह्माणीय प्रेम के / चरमबिंदु को छू रही हूं / जहां दो देहों के मिले बिना /  आत्ममिलन की संतुष्टि की गाथा / लिखी जाएगी / कामसूत्र के / अदृश्य तामपत्रों में / और उकेरी जाएगी / खजुराहो मंदिर के गर्भ गृह में / जहां तक कभी उस मंदिर की दीवारों की कला / भी नहीं पहुंच पाई / क्योंकि अब हम कला की देहरी को भी / पार कर चुके हैं / भंग कर चुके हैं / साहित्य सीमा को भी / अध्यात्म तो हमारी लापरवाही की फूंक भर है ... / क्योंकि मेरे कानों के पीछे / तुम्हारी एक प्रेम भरी सांस की कल्पना में ही / मेरी मुक्ति की पूरी गाथा लिखी जा चुकी है ...। 

मुकुंद
स्थानीय संपादक ,  प्रयुक्ति (हिंदी दैनिक) नई दिल्ली

Tuesday, June 12, 2018

देह के द्वंद्व में अर्थशास्त्र का अर्द्धसत्य

भारतीय सिनेमा कई दशकों से औरत की देह के द्वंद्व में फंसा हुआ है। इस द्वंद्व में सबसे बड़ा कारक अर्थशास्त्र का बड़ा अर्द्धसत्य है। इस अर्द्धसत्य की बानगी एक छोटी सी लव स्टोरी, हंटर, मर्डर सीरीज, बी.ए. पास, सिंस, कामसूत्र, जूली, जिस्म सीरीज, उत्सव और पार्च्ड फिल्म से लेकर हाल ही में सिल्वर स्क्रीन में अवतरित हुई वीरे दी वेडिंग में देखी जा सकती है। छोटी सी लव स्टोरी की नायिका मनीषा कोइराला को आलोचना इतनी नागवार गुजरी थी कि वह कानून का दरवाजा खटखटाने से पीछे नहीं हटीं। अर्द्धसत्य के संधान की तसवीर अर्थशास्त्र की अवधारणा को स्थापित करती है।  सिनेमा का उन्मुक्त बाजार वीरे दी वेडिंग की अभिनेत्री स्वरा भास्कर को ट्रोल कर रहा है। स्वरा दिल्ली में पली-बढ़ी है। सुखद यह है कि यह सिनेमा दिल्ली की चार सहेलियों पर केंद्रित है। अब तक स्वरा अपने फिल्मी किरदारों बिंदिया और पायल के लिए जानी जाती रही है। अब वह साक्षी के चरित्र को जीवंत करने के लिए सुर्खियों में है। बाकी तीन सहेलियां हैं कालिंदी यानी करीना, अवनी यानी सोनम और मीरा यानी शिखा। 

सामाजिक बंधनों से बाहर निकलने की जुस्तजू में चारों गालियां देती हैं। सिगरेट और शराब पीती हैं। छोटे कपड़े पहनती हैं। रात-बे-रात पार्टी करती हैं। वह अपना हाथ जगन्नाथ कहने में जरा भी नहीं लजातीं। इस फिल्म में लोगों को अगर कुछ अखरा है तो स्वरा का मास्टरबेट सीन। अगर आप अब तक अंग्रेजी के मास्टरबेन शब्द से अनजान हैं, तो जान लीजिए, इसे हिंदी में हस्तमैथुन कहते हैं। यह शब्द ही ऐसा है। बहरहाल स्वरा ने ट्रोल करने वालों को खरा-खरा जवाब दिया है। सोशल मीडिया में कुछ लोग उनके पक्ष में भी दिखे। विदेश में रह रहीं चर्चित लेखिका प्रियंका ओम ने फेसबुक में लिखा- ...10 साल पहले जब मैं दिल्ली में थी, तब भी दिल्ली की आम लड़कियां इस फिल्म की लड़कियों जैसी ही थीं। वह सवाल करती हैं-स्वरा का मजाक बनाने वालो क्या तुमने नहीं किया या तुम नही करते ?  तो फिर बताओ तमाम छोटे-बड़े अखबारों और मैगजीन का सेक्स कार्नर, आॅस्क पर्सनल ईटीसी... ईटीसी  किसकी समस्याओं से भरा रहता है ? प्रतिक्रिया की क्रिया का सामने आना नई बात नहीं है। हो सकता कल कोई फिल्म दिल्ली के वन नाइट स्टैंड की अवधारणा पर दिख जाए तो कोई अचरज नहीं होना चाहिए। पूरा का पूरा दिल्ली-एनसीआर इस अवधारणा की गिरफ्त में है। यह बड़े शहरों में पनप रहा देहवाद का नया उन्मुक्त बाजार है। नौकरी की तलाश में आने वाले अजनबी युवा-युवती सिर्फ और सिर्फ एक रात के साथी बन रहे हैं। वीरे दी वेडिंग में सोनम का यह संवाद दिल को चीर देता है- कितना भी पढ़-लिख जाओ, डॉक्टर-इंजीनियर बन जाओ लेकिन जब तक गले में मंगलसूत्र नहीं लटकता, हमारा कोई वजूद ही नहीं है। 
यह बहुत बड़ी सामाजिक त्रासदी है। देह के द्वंद्व में अर्थशास्त्र का अर्द्धसत्य यह मंगलसूत्र भी है। देह की भूख के इस सिनेमाई विमर्श पर एकता कपूर का जिक्र ना करना बेमानी होगा। इसी 7 जून को एकता ने 40 साल पूरे किए हैं। उन्होंने अब तक कई धारावाहिकों और फिल्मों का निर्माण किया है। यह इत्तेफाक भी है कि वीरे दी वेडिंग के निर्माण में भी उनका बड़ा योगदान है। एकता की फिल्में उन्मुक्त और चुंबन दृश्यों के लिए जानी जाती हैं। ऐसी फिल्में हैं-लव सेक्स और धोखा, रागनी एमएमएस,द डर्टी पिक्चर और रागनी एमएमएस 2। रागनी एमएमएस 2 में सनी लियोनी के दृश्यों ने यह साबित किया कि फिल्मकारों ने देह प्रदर्शन की तिजारत के बाजार का गणित समझ लिया है। फिल्मों का यह नया आर्थिक निजाम है। भूमंडलीकरण ने इस सिनेमाई बाजार को और अधिक विकृत कर दिया है। सेक्स सर्वेक्षणों से इतराते पत्र-पत्रिकाओं की रिकार्ड बिक्री फिल्मकारों को ऐसे विषयों को छूने पर विवश कर रही है। ऐसे कालक्रम में नैतिकता, अनैतिकता, अश्लील और शील पर बहस का कोई मतलब नहीं रह गया है। आर्थिक बाजार में औरत अपनी देह की कीमत समझ चुकी है। इसलिए वह और उन्मुक्त हो रही है। अब तक आपने उसे भोगा है। 
वह अब आपको भोगना चाहती है। तब इस पर इतना हाय-हल्ला क्यों। वह मुक्तिवादी हो गई है। स्वरा ही क्यों, इससे पहले अभिनेत्री राधिका आप्टे भी इस सिनेमाई अर्थशास्त्र का भूगोल नाप चुकी हैं।  पार्च्ड के न्यूड सीन के लिए राधिका को याद किया जाता है। यह फिल्म ग्रामीण पृष्ठभूमि और चार सहेलियों के इर्द-गिर्द घूमती है। भूमंडलीकरण के दौर में सिनेमा का बदलता स्वरूप आश्चर्यनजक नहीं है। कुछ बरस पहले की अमेरिकी पाई फिल्म को हमारा एलीट क्लास देख चुका है। यहां एक तथ्य साफ कर रहा हूं कि वीरे दी वेडिंग हमारे पड़ोस पाकिस्तान में रिलीज नहीं हो सकी है। वहां के सेंसर बोर्ड ने इसे अश्लील माना है। इस मौके पर गुलजार साहब की नज्म की चंद लाइनें याद आ रही हैं-अभी न परदा गिराओ, ठहरो, कि दास्तां आगे और भी है/ अभी तो टूटी है कच्ची मिट्टी, अभी तो बस जिस्म ही गिरे हैं /  अभी तो किरदार ही बुझे हैं / अभी सुलगते हैं रूह के गम, अभी धड़कते हैं दर्द दिल के ...कहीं तो अंजाम-ओ-जुस्तजू के सिरे मिलेंगे / अभी न पर्दा गिराओ, ठहरो!

मुकुंद 
स्थानीय संपादक, प्रयुक्ति 

Sunday, June 10, 2018

जिंदा हैं प्रेम करने की संभावनायें



प्रेम करने की संभवानायें हर दौर और हर काल में जिंदा रही हैं। ...और रहेंगी। इस संभावना के अस्तित्व को कयामत की कोख भी नहीं निगल सकती। यह खुशनुमा एहसास है। यह हर दिल में धड़कता है। इसकी खुशबू सदाओं और फिजाओं को महकाती रहती है। इसे लफ्जों में परिभाषित करना नामुमकिन है। समझ लीजिए जिंदगी जन्नत सी लगने लगती है। रात सिरहाने पर रजनीगंधा दहकने लगती है। अलसुबह ओस की बूंदों में प्यार नहाने लगता है। हर अंधियारे को रोशन में तबदील करने का माद्दा होता है इसमें। नशीली फुहारें और जादुई खुशबू पलभर की जुदाई में बेरंग सी हो जाती है। यह ऐसा इन्फेक्शन है, जिसे होता है, वह मुस्कुराने लगता है। यकीन मानिये, प्रेम फीनिक्स पक्षी की मानिंद है। फीनिक्स कभी नहीं मरता। वह राख की चिंगारी से दोबारा जीवित हो उठता है। आॅनर किलिंग की घटनाओं के देश में ये फीनिक्स भी प्रेम करने की संभावनाओं को जिंदा किए हुए हैं। मोहब्बत के इस एहसास को शेक्सपीयर अपने चर्चित प्रेमगीत ‘सॉनेट 116’ में महसूस कर चुके हैं। वह लिख गए हैं-‘इश्क कभी मरता नहीं। वक्त के दायरे इसे मिटा नहीं पाते।’ वैज्ञानिक कहते हैं कि जब कोई प्यार में पड़ जाता है, तो लोग कहते हैं कि इसके दिमाग में केमिकल लोचा हो गया है। लोग सही कहते हैं। ऐसा वाकई होता है। शिकागो यूनिवर्सिटी की स्टेफनी कैशियोपो ने इस पर काफी शोध किए हैं। केमिकल लोचा का निष्कर्ष उन्हीं का है। बहरहाल ये भी सच है कि प्यार का यह एहसास रूहानी होने के साथ जिस्मानी रिश्ते की ख्वाहिश महसूस करने लगता है। कहते हैं इनसान प्यार में अंधा और पागल हो जाता है। ऐसी बहुत सी कहानियां जेहन में हैं। बहुत हद तक यह बात सच भी लगती है। मगर ‘जिंदा हैं प्रेम करने की संभावनायें’ का प्लाट फेसबुक की कोख से जन्मा है।


 1 जून को इलाहाबाद विश्वविद्यालय की पूर्व छात्र नेता शालू यादव मिताक्षरा की वाल पर चस्पा पोस्ट को कई बार पढ़ा। शालू ने लिखा-‘गोलू ने शायद ही कभी फेमिनिज्म पढ़ा हो । शायद ही कभी उसने ‘परिवार निजी संपत्ति...’ या ‘सेकेंड सेक्स’ जैसी किताबों का नाम सुना हो। ‘इंडिविजुअल स्पेस’ जैसे शब्द गोलू की पहुंच से दूर नजर आते हैं। लेकिन गोलू ने जो किया उससे ये सारे शब्द उसकी जिंदगी से अनजाने में ही जुड़ गए। और इसके साथ ही उन हजारों लोगों के मुंह पर तमाचे की तरह लगे, जिन्होंने कई किताबें पढ़ी हैं और नारी स्वतंत्रता का पक्षधर होने का दम भरा है। लेकिन निजी जीवन मे अपनी बहनों, बेटियों, प्रेमिकाओं और पत्नियों पर नकेल कसने को हरदम तैयार बैठे रहते हैं। गोलू ने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से कराई। शादी पूरे रीति-रिवाज से हुई। गोलू शादी में नाचा और पत्नी की विदाई में फूट-फूट कर रोया भी। यह वही समाज है जहां बेटियों और बहनों को प्रेम करने भर से मार डाला जाता है। अवैध संबंधों के नाम पर हत्याएं होती हों। जहां हर दूसरा व्यक्ति बोझिल संबंधों में टूटन झेल रहा होता है। जहां व्वॉय फ्रेंड या गर्लफ्रेंड का फोन वेटिंग में चले जाना सबसे बड़ा मानसिक संत्रास हो। उस समाज में गोलू जैसे लोगों का होना भर एक बेहद सुखद अनुभव है। उम्मीद है कि नफरतों के इस दौर में गोलू जैसे लोगो का ‘प्रेम’ प्रेम करने की संभवानाओं को जीवित रखेगा।’ कानपुर के गोलू पर केंद्रति यह लव स्टोरी स्थानीय अखबारों की सुर्खी बनी। वह नायक बनकर उभरा। वैसे तो बहुत हद तक गोलू की कहानी 19 साल पहले 18 जून 1999 को रिलीज हुई संजय लीला भंसाली की सुपरहिट फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ जैसी है। इसमें अजय देवगन अपनी पत्नी ऐश्वर्या राय की शादी उसके प्रेमी सलमान खान से कराने को तैयार हो जाते हैं। दरअसल हुआ ये है कि कानपुर के गोलू गुप्ता उर्फ सुजीत की शादी 19 फरवरी को फतेहपुर की शांति से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद मायके वाले शांति को विदा कराकर ले गए। इसके बाद शांति ने ससुराल जाने से मना कर दिया। गोलू ने उससे इस बारे में बात की तो वह टूट गई। उसके आंसुओं ने बयां किया कि वह लखनऊ के रवि से प्यार करती है। दोनों के बीच जिस्मानी रिश्ते हैं। ...यह बड़ा सच है कि अगर गोलू की जगह और कोई होता तो उसका कलेजा फट जाता। ऐसी कुर्बानियों के चंद किस्से और भी हैं। इससे पहले बिहार के पप्पू यादव, उड़ीसा के निरंजन राउत, सुंदरगढ़ के वासुदेव टप्पू भी अपनी पत्नियों की शादी कराकर हाथ पीले कर चुके हैं। तंगनजर जमाने में गोलू, पप्पू, निरंजन और टप्पू का होना ये साबित करता है कि कामसूत्र की धरती पर प्रेम करने वाले ही नहीं...प्रेम के कद्रदान भी जिंदा हैं। मगर गोलू ने प्यार के इस त्रिकोण से हटकर सोशल मीडिया को बहस का चौथा प्यारा कोण दे दिया। फेसबुक की कोख से जिंदा इन कहानियों को बड़ा सच यह भी है कि कामरेड खड़क सिंह खनी ने 35 बरस पहले ऐसा कर चुके हैं। इस जेर-ए-बहस में हिस्सा लेते हुए फेसबुक यूजर युवा दीप पाठक ने यह खुलासा किया। बहुत कम लोगों को पता होगा कि कामरेड खनी पत्रकार भी रहे हैं।

मुकुंद
स्थानीय संपादक, प्रयुक्ति