Tuesday, June 12, 2018

देह के द्वंद्व में अर्थशास्त्र का अर्द्धसत्य

भारतीय सिनेमा कई दशकों से औरत की देह के द्वंद्व में फंसा हुआ है। इस द्वंद्व में सबसे बड़ा कारक अर्थशास्त्र का बड़ा अर्द्धसत्य है। इस अर्द्धसत्य की बानगी एक छोटी सी लव स्टोरी, हंटर, मर्डर सीरीज, बी.ए. पास, सिंस, कामसूत्र, जूली, जिस्म सीरीज, उत्सव और पार्च्ड फिल्म से लेकर हाल ही में सिल्वर स्क्रीन में अवतरित हुई वीरे दी वेडिंग में देखी जा सकती है। छोटी सी लव स्टोरी की नायिका मनीषा कोइराला को आलोचना इतनी नागवार गुजरी थी कि वह कानून का दरवाजा खटखटाने से पीछे नहीं हटीं। अर्द्धसत्य के संधान की तसवीर अर्थशास्त्र की अवधारणा को स्थापित करती है।  सिनेमा का उन्मुक्त बाजार वीरे दी वेडिंग की अभिनेत्री स्वरा भास्कर को ट्रोल कर रहा है। स्वरा दिल्ली में पली-बढ़ी है। सुखद यह है कि यह सिनेमा दिल्ली की चार सहेलियों पर केंद्रित है। अब तक स्वरा अपने फिल्मी किरदारों बिंदिया और पायल के लिए जानी जाती रही है। अब वह साक्षी के चरित्र को जीवंत करने के लिए सुर्खियों में है। बाकी तीन सहेलियां हैं कालिंदी यानी करीना, अवनी यानी सोनम और मीरा यानी शिखा। 

सामाजिक बंधनों से बाहर निकलने की जुस्तजू में चारों गालियां देती हैं। सिगरेट और शराब पीती हैं। छोटे कपड़े पहनती हैं। रात-बे-रात पार्टी करती हैं। वह अपना हाथ जगन्नाथ कहने में जरा भी नहीं लजातीं। इस फिल्म में लोगों को अगर कुछ अखरा है तो स्वरा का मास्टरबेट सीन। अगर आप अब तक अंग्रेजी के मास्टरबेन शब्द से अनजान हैं, तो जान लीजिए, इसे हिंदी में हस्तमैथुन कहते हैं। यह शब्द ही ऐसा है। बहरहाल स्वरा ने ट्रोल करने वालों को खरा-खरा जवाब दिया है। सोशल मीडिया में कुछ लोग उनके पक्ष में भी दिखे। विदेश में रह रहीं चर्चित लेखिका प्रियंका ओम ने फेसबुक में लिखा- ...10 साल पहले जब मैं दिल्ली में थी, तब भी दिल्ली की आम लड़कियां इस फिल्म की लड़कियों जैसी ही थीं। वह सवाल करती हैं-स्वरा का मजाक बनाने वालो क्या तुमने नहीं किया या तुम नही करते ?  तो फिर बताओ तमाम छोटे-बड़े अखबारों और मैगजीन का सेक्स कार्नर, आॅस्क पर्सनल ईटीसी... ईटीसी  किसकी समस्याओं से भरा रहता है ? प्रतिक्रिया की क्रिया का सामने आना नई बात नहीं है। हो सकता कल कोई फिल्म दिल्ली के वन नाइट स्टैंड की अवधारणा पर दिख जाए तो कोई अचरज नहीं होना चाहिए। पूरा का पूरा दिल्ली-एनसीआर इस अवधारणा की गिरफ्त में है। यह बड़े शहरों में पनप रहा देहवाद का नया उन्मुक्त बाजार है। नौकरी की तलाश में आने वाले अजनबी युवा-युवती सिर्फ और सिर्फ एक रात के साथी बन रहे हैं। वीरे दी वेडिंग में सोनम का यह संवाद दिल को चीर देता है- कितना भी पढ़-लिख जाओ, डॉक्टर-इंजीनियर बन जाओ लेकिन जब तक गले में मंगलसूत्र नहीं लटकता, हमारा कोई वजूद ही नहीं है। 
यह बहुत बड़ी सामाजिक त्रासदी है। देह के द्वंद्व में अर्थशास्त्र का अर्द्धसत्य यह मंगलसूत्र भी है। देह की भूख के इस सिनेमाई विमर्श पर एकता कपूर का जिक्र ना करना बेमानी होगा। इसी 7 जून को एकता ने 40 साल पूरे किए हैं। उन्होंने अब तक कई धारावाहिकों और फिल्मों का निर्माण किया है। यह इत्तेफाक भी है कि वीरे दी वेडिंग के निर्माण में भी उनका बड़ा योगदान है। एकता की फिल्में उन्मुक्त और चुंबन दृश्यों के लिए जानी जाती हैं। ऐसी फिल्में हैं-लव सेक्स और धोखा, रागनी एमएमएस,द डर्टी पिक्चर और रागनी एमएमएस 2। रागनी एमएमएस 2 में सनी लियोनी के दृश्यों ने यह साबित किया कि फिल्मकारों ने देह प्रदर्शन की तिजारत के बाजार का गणित समझ लिया है। फिल्मों का यह नया आर्थिक निजाम है। भूमंडलीकरण ने इस सिनेमाई बाजार को और अधिक विकृत कर दिया है। सेक्स सर्वेक्षणों से इतराते पत्र-पत्रिकाओं की रिकार्ड बिक्री फिल्मकारों को ऐसे विषयों को छूने पर विवश कर रही है। ऐसे कालक्रम में नैतिकता, अनैतिकता, अश्लील और शील पर बहस का कोई मतलब नहीं रह गया है। आर्थिक बाजार में औरत अपनी देह की कीमत समझ चुकी है। इसलिए वह और उन्मुक्त हो रही है। अब तक आपने उसे भोगा है। 
वह अब आपको भोगना चाहती है। तब इस पर इतना हाय-हल्ला क्यों। वह मुक्तिवादी हो गई है। स्वरा ही क्यों, इससे पहले अभिनेत्री राधिका आप्टे भी इस सिनेमाई अर्थशास्त्र का भूगोल नाप चुकी हैं।  पार्च्ड के न्यूड सीन के लिए राधिका को याद किया जाता है। यह फिल्म ग्रामीण पृष्ठभूमि और चार सहेलियों के इर्द-गिर्द घूमती है। भूमंडलीकरण के दौर में सिनेमा का बदलता स्वरूप आश्चर्यनजक नहीं है। कुछ बरस पहले की अमेरिकी पाई फिल्म को हमारा एलीट क्लास देख चुका है। यहां एक तथ्य साफ कर रहा हूं कि वीरे दी वेडिंग हमारे पड़ोस पाकिस्तान में रिलीज नहीं हो सकी है। वहां के सेंसर बोर्ड ने इसे अश्लील माना है। इस मौके पर गुलजार साहब की नज्म की चंद लाइनें याद आ रही हैं-अभी न परदा गिराओ, ठहरो, कि दास्तां आगे और भी है/ अभी तो टूटी है कच्ची मिट्टी, अभी तो बस जिस्म ही गिरे हैं /  अभी तो किरदार ही बुझे हैं / अभी सुलगते हैं रूह के गम, अभी धड़कते हैं दर्द दिल के ...कहीं तो अंजाम-ओ-जुस्तजू के सिरे मिलेंगे / अभी न पर्दा गिराओ, ठहरो!

मुकुंद 
स्थानीय संपादक, प्रयुक्ति 

No comments:

Post a Comment