देश में हर आठ मिनट में एक बच्चा गुम होता है। करीब 36 लाख बच्चे मानव तस्करों के हत्थे चढ़ जाते हैं। इन बच्चों में ज्यादातर बच्चियां होती हैं। गांव, देहात और कस्बानुमा शहरों से गायब की गई ये बच्चियां महानगरों की अंधी गलियों और सीलन भरी कोठरियों में कैद हो जाती हैं। इन्हें जिंदा गोस्त के सौदागर वेश्यावृत्ति के लिए बदनाम जीबी रोड, कमाठीपुरा और सोनागाछी जैसी मंडियों में बेच देते हैं।
भारतीय समाज के इस जलते मसले पर 30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री ‘अमोली : प्राइसलेस’ को 7 मई को अंग्रेजी, हिंदी, तेलुगू, बंगाली, मराठी और कन्नड़ भाषा में फेसबुक और यू ट्यूब पर रिलीज किया गया है। अमोली की कथावस्तु इतनी मजबूत है कि इसे 8 मई तक तीन लाख से ज्यादा लोगों ने देखा। इसके कथानक में सिलीगुड़ी से पांच साल पहले गायब होने वाली बच्ची अमोली है। रिलीज से पहले अमोली का ट्रेलर भी सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। ट्रेलर देखने से ही साफ हो गया था कि फिल्मकार ने बेहद गंभीर मुद्दे के कैमरेमें जीवंत किया है। अमोली को केंद्र में रखकर कैमरा बच्चों के यौन शौषण की बदसूरत शक्ल को सामने रखता है। अमोली के हिंदी संस्करण को राजकुमार राव की आवाज ने दमदार बना दिया है। ये वही राव हैं, जो न्यूटन में अपना प्रभाव छोड़ चुके हैं। वह जब कहते हैं- ये सिर्फ एक स्टेटिस्टिक्स नहीं...। गौर करें तो हर नंबर के पीछे एक बच्चे की कहानी होती है। और जब वह कहते हैं-नीलम की यह हंसी भी एक माया है। दृश्य और आवाज के इस जादू से रूह कांप जाती है। इसके तमिल संस्करण में अभिनेता कमल हासन की आवाज है। अमोली के कन्नड़ संस्करण के सूत्रधार पुनीत राजकुमार, बंगाली संस्करण के जीशू सेनगुप्ता और अंग्रेजी संस्करण की विद्या बालन हैं। यह वृत्तचित्र चार हिस्सों- मोल, माया, मंथन और मुक्ति में बंटा हुआ है। इसका हर हिस्सा बाल यौन शोषण की काली दुनिया से सीधी मुठभेड़ कराता है। ऐसी समस्याओं को हर मंच और हर माध्यम पर उठाने की जरूरत है। ...क्योंकि भारत का नाम दुनिया के सबसे बड़े बाल तस्करी बाजार के रूप में बदनाम हो चुका है। यह कारोबार करीब 32 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है। अमोली में सेक्स के लिए बच्चों की मांग करने वाले पुरुषों के लिए कठोर दंड के प्रावधान की गूंज हुई है। इस मनोविज्ञान को भी समझाने की छोटी कोशिश हुई है कि ऐसे लोगों को अगर सजा का डर होगा तो शायद ऐसी घटनायें रुक सकें। नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो की रिपोर्ट चीख रही है कि देश में वाणिज्यिक यौन शोषण के तीन मिलियन पीड़ितों में से 40 फीसदी बच्चे हैं। अमोली का निर्माण कल्चर मशीन मीडिया प्राइवेट लिमिटेड ने किया है। इसके सीईओ और सह-संस्थापक समीर पिटलवाला मानते हैं कि राजनीतिक प्रतिबद्धता, सक्रिय कानून प्रवर्तन, सख्त एवं त्वरित न्याय की व्यवस्था से ही ‘अमोली’ को बिकने से रोका जा सकता है। अमोली की कहानी को शब्दों में पिरोया है जैसमीन कौर रॉय ने। निर्देशन भी उन्हीं का है। इससे पहले जैसमिन डिप्लोमा फिल्म ‘सांझ’ बना चुकी हैं। इसे 2005 में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से नवाजा जा चुका है। अमोली को लिखने में जैसमिन का साथ दिया है अविनाश रॉय ने। दोनों ने विषय की गंभीरता को शिद्दत से महसूस कर लैंडस्कैप को उकेरने में सिनेमैटिक हथियार का बेहतरीन प्रयोग किया है। इस डॉक्यूमेंट्री में जांच अधिकारी कहता है-जब तक आप कस्टमर को सजा नहीं देंगे तब तक देह व्यापार में डिमांड कम नहीं होगी। यही अमोली का असल संदेश है। देह व्यापार से जुड़ी यह खौफनाक कहानी और भी बहुत कुछ कहती है। इससे पहले ‘इंडियाज डॉटर’ में कुछ ऐसे ही गंभीर सवाल उठाए जा चुके हैं। 2012 में पत्रकार सोनिया फिलेरो की किताब ‘ब्यूटीफुल थिंग’ मुंबई के डांस बार के पीछे की दुनिया की परतें सामने ला चुकी है। मगर अमोली इन सबसे जुदा है। यह सच, सोच और समाधान पर आधारित डिजिटल डॉक्यूमेंट्री है। महिला और बाल विकास मंत्रालय की रिपोर्ट कहती है कि देश में 30 लाख से अधिक महिलाएं देह व्यापार में शामिल हैं। इनमें लगभग 36 फीसदी को 18 साल की उम्र के पहले ही कोठों में बेच दिया गया। ह्यूमन राइट्स वॉच की रिपोर्ट तो और भी डरावनी है। यह कहती है कि भारत में लगभग दो करोड़ सेक्स वर्कर हैं। देश के सबसे बड़े रेड लाइट एरिया सोनागाछी में अनगिनत अमोली कैद हैं। यहां करीब तीन लाख लड़कियों से जबरन देह व्यापार कराया जाता है। ऐसा ही हाल कमाठीपुरा का है। यहां दो लाख से ज्यादा महिलायें हैं। इन अमोलियों की देह से देश में रोजाना लगभग 2000 लाख रुपये वसूले जाते हैं। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के अध्ययन के मुताबिक देश में 68 फीसदी अमोलियों को रोजगार के झांसे और 17 प्रतिशत को विवाह का लालच देकर कोठों में बेच दिया जाता है। यह बड़ा सच है कि देह व्यापार पूरी दुनिया में महिलाओं की दैहिक स्वातंत्रता पर कलंक है। हमारे देश में स्त्री को पूज्य माना गया है। बावजूद इसके मासूम अमोलियों की देह का सौदा हो रहा है। कदम-कदम पर अमोली बिक रही है। ठौर-ठौर पर जिस्म के सौदागर मौजूद हैं।
मुकुंद
स्थानीय संपादक, प्रयुक्ति (हिंदी दैनिक), नई दिल्ली, प्रकाशन तिथिः 29 मई 2018
स्थानीय संपादक, प्रयुक्ति (हिंदी दैनिक), नई दिल्ली, प्रकाशन तिथिः 29 मई 2018

No comments:
Post a Comment