Sunday, June 10, 2018

जिंदा हैं प्रेम करने की संभावनायें



प्रेम करने की संभवानायें हर दौर और हर काल में जिंदा रही हैं। ...और रहेंगी। इस संभावना के अस्तित्व को कयामत की कोख भी नहीं निगल सकती। यह खुशनुमा एहसास है। यह हर दिल में धड़कता है। इसकी खुशबू सदाओं और फिजाओं को महकाती रहती है। इसे लफ्जों में परिभाषित करना नामुमकिन है। समझ लीजिए जिंदगी जन्नत सी लगने लगती है। रात सिरहाने पर रजनीगंधा दहकने लगती है। अलसुबह ओस की बूंदों में प्यार नहाने लगता है। हर अंधियारे को रोशन में तबदील करने का माद्दा होता है इसमें। नशीली फुहारें और जादुई खुशबू पलभर की जुदाई में बेरंग सी हो जाती है। यह ऐसा इन्फेक्शन है, जिसे होता है, वह मुस्कुराने लगता है। यकीन मानिये, प्रेम फीनिक्स पक्षी की मानिंद है। फीनिक्स कभी नहीं मरता। वह राख की चिंगारी से दोबारा जीवित हो उठता है। आॅनर किलिंग की घटनाओं के देश में ये फीनिक्स भी प्रेम करने की संभावनाओं को जिंदा किए हुए हैं। मोहब्बत के इस एहसास को शेक्सपीयर अपने चर्चित प्रेमगीत ‘सॉनेट 116’ में महसूस कर चुके हैं। वह लिख गए हैं-‘इश्क कभी मरता नहीं। वक्त के दायरे इसे मिटा नहीं पाते।’ वैज्ञानिक कहते हैं कि जब कोई प्यार में पड़ जाता है, तो लोग कहते हैं कि इसके दिमाग में केमिकल लोचा हो गया है। लोग सही कहते हैं। ऐसा वाकई होता है। शिकागो यूनिवर्सिटी की स्टेफनी कैशियोपो ने इस पर काफी शोध किए हैं। केमिकल लोचा का निष्कर्ष उन्हीं का है। बहरहाल ये भी सच है कि प्यार का यह एहसास रूहानी होने के साथ जिस्मानी रिश्ते की ख्वाहिश महसूस करने लगता है। कहते हैं इनसान प्यार में अंधा और पागल हो जाता है। ऐसी बहुत सी कहानियां जेहन में हैं। बहुत हद तक यह बात सच भी लगती है। मगर ‘जिंदा हैं प्रेम करने की संभावनायें’ का प्लाट फेसबुक की कोख से जन्मा है।


 1 जून को इलाहाबाद विश्वविद्यालय की पूर्व छात्र नेता शालू यादव मिताक्षरा की वाल पर चस्पा पोस्ट को कई बार पढ़ा। शालू ने लिखा-‘गोलू ने शायद ही कभी फेमिनिज्म पढ़ा हो । शायद ही कभी उसने ‘परिवार निजी संपत्ति...’ या ‘सेकेंड सेक्स’ जैसी किताबों का नाम सुना हो। ‘इंडिविजुअल स्पेस’ जैसे शब्द गोलू की पहुंच से दूर नजर आते हैं। लेकिन गोलू ने जो किया उससे ये सारे शब्द उसकी जिंदगी से अनजाने में ही जुड़ गए। और इसके साथ ही उन हजारों लोगों के मुंह पर तमाचे की तरह लगे, जिन्होंने कई किताबें पढ़ी हैं और नारी स्वतंत्रता का पक्षधर होने का दम भरा है। लेकिन निजी जीवन मे अपनी बहनों, बेटियों, प्रेमिकाओं और पत्नियों पर नकेल कसने को हरदम तैयार बैठे रहते हैं। गोलू ने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से कराई। शादी पूरे रीति-रिवाज से हुई। गोलू शादी में नाचा और पत्नी की विदाई में फूट-फूट कर रोया भी। यह वही समाज है जहां बेटियों और बहनों को प्रेम करने भर से मार डाला जाता है। अवैध संबंधों के नाम पर हत्याएं होती हों। जहां हर दूसरा व्यक्ति बोझिल संबंधों में टूटन झेल रहा होता है। जहां व्वॉय फ्रेंड या गर्लफ्रेंड का फोन वेटिंग में चले जाना सबसे बड़ा मानसिक संत्रास हो। उस समाज में गोलू जैसे लोगों का होना भर एक बेहद सुखद अनुभव है। उम्मीद है कि नफरतों के इस दौर में गोलू जैसे लोगो का ‘प्रेम’ प्रेम करने की संभवानाओं को जीवित रखेगा।’ कानपुर के गोलू पर केंद्रति यह लव स्टोरी स्थानीय अखबारों की सुर्खी बनी। वह नायक बनकर उभरा। वैसे तो बहुत हद तक गोलू की कहानी 19 साल पहले 18 जून 1999 को रिलीज हुई संजय लीला भंसाली की सुपरहिट फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ जैसी है। इसमें अजय देवगन अपनी पत्नी ऐश्वर्या राय की शादी उसके प्रेमी सलमान खान से कराने को तैयार हो जाते हैं। दरअसल हुआ ये है कि कानपुर के गोलू गुप्ता उर्फ सुजीत की शादी 19 फरवरी को फतेहपुर की शांति से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद मायके वाले शांति को विदा कराकर ले गए। इसके बाद शांति ने ससुराल जाने से मना कर दिया। गोलू ने उससे इस बारे में बात की तो वह टूट गई। उसके आंसुओं ने बयां किया कि वह लखनऊ के रवि से प्यार करती है। दोनों के बीच जिस्मानी रिश्ते हैं। ...यह बड़ा सच है कि अगर गोलू की जगह और कोई होता तो उसका कलेजा फट जाता। ऐसी कुर्बानियों के चंद किस्से और भी हैं। इससे पहले बिहार के पप्पू यादव, उड़ीसा के निरंजन राउत, सुंदरगढ़ के वासुदेव टप्पू भी अपनी पत्नियों की शादी कराकर हाथ पीले कर चुके हैं। तंगनजर जमाने में गोलू, पप्पू, निरंजन और टप्पू का होना ये साबित करता है कि कामसूत्र की धरती पर प्रेम करने वाले ही नहीं...प्रेम के कद्रदान भी जिंदा हैं। मगर गोलू ने प्यार के इस त्रिकोण से हटकर सोशल मीडिया को बहस का चौथा प्यारा कोण दे दिया। फेसबुक की कोख से जिंदा इन कहानियों को बड़ा सच यह भी है कि कामरेड खड़क सिंह खनी ने 35 बरस पहले ऐसा कर चुके हैं। इस जेर-ए-बहस में हिस्सा लेते हुए फेसबुक यूजर युवा दीप पाठक ने यह खुलासा किया। बहुत कम लोगों को पता होगा कि कामरेड खनी पत्रकार भी रहे हैं।

मुकुंद
स्थानीय संपादक, प्रयुक्ति

No comments:

Post a Comment