याद है इक दिन / मेरी मेज पे बैठे-बैठे / सिगरेट की डिबिया पर तुमने / एक स्केच बनाया था / आकर देखो / उस पौधे पर फूल आया है! गुलजार साहब की यह बेहद खूबसूरत नज्म है। मोहब्बत के शुरुआती दरमियां शाम-ओ-सहर हमपेशा दोस्तों की वैचारिक महफिल में तमाम संजीदा लोग इसे सुनाकर फौरी तौर पर सुकून महसूस करते हैं। इस संजीदगी में गजब की आशनाई होती है। नशे से तारी आंखों में माशूका का चेहरा कौंध जाता है। उंगलियों में फंसी सिगरेट लबों पर जाती है और गहरे कश के बाद फिर ऐशट्रे में मसल दी जाती है। कुछ वक्त पहले की रात है। ऐशट्रे देखकर आंखें फटी की फटी रह गईं। कार्ट टू इंडिया की यह ऐशट्रे आॅनलाइन शॉपिंग वेबसाइट अमेजन के जरिये दोस्तों के बीच मेज पर थी। इस पर एक बेलिबास औरत की आकृति है। इस पर जलती हुई सिगरेट बुझाते हैं। इसे कुछ साल पहले खरीदा गया था। वैश्विक बाजारवाद के इस युग में इस ऐशट्रे की आस में बहुतेरी कोशिश की। कंप्यूटर और स्मार्ट फोन पर कई घंटे गंवा दिए। आखिर में राजफाश हुआ कि विरोध की वजह से इसे अमेजन से हटाया जा चुका है। सवाल इसके हटाने ना हटाने का नहीं है।
यक्ष प्रश्न यह है कि रोजाना मिनट-दर-मिनट मासूम औरतों से हो रहे बलात्कार के महादेश में इसे क्यों बेचा गया। बाजारवाद के भयावह दौर के इस रंग रूप पर मां जीवन शैफाली की कविता ‘सरहद पर ’ याद आ रही है- रेशमी धागों सी रात में / जब जिस्म उलझता है / तो खुलने लगती हैं / पोशीदा परतें रूह की / कि एक तेरे नाम की खातिर / कई जिस्मों से गुजरा हूं मैं / तुम मिले भी तो कहां / जहां जिस्म की सरहदें खत्म होती हैं...। यह रचना जिस्म को लोभान की तरह पिघलाने लगती है। मां जीवन शैफाली से क्षमायाचना के साथ...। और लगता है कि इन सरहदों को समेटने की खातिर ही ऐसे उत्पाद अमीरों के मयखानों पर सज रहे हैं। ऐसी ऐशट्रे पर लेखिका सुमन किशोरी के बड़े सवाल हैं-अगर सिगरेट बुझाने के लिए स्त्री की योनि सामने उपलब्ध हो, तो सच बतलाइए, आपको कैसा लगेगा? उत्तेजना से भर जाएंगे आप? अथवा डर कर कांप जाएंगे अथवा जुगुप्सा से भर जाएंगे आप या इट्स ओके यार! जैसा कुछ मन में आएगा, जिसे सर्वे की भाषा में नो ओपेनियन कह कर छुट्टी पाने का प्रयास माना जाएगा। वो कहती हैं-वास्तव में यह समाज में फैल रही वैचारिक निष्क्रियता अथवा इनडिफरेंट रवैये का प्रतिबिंबन है। इस पर सवाल तो और भी लोगों ने उठाए हैं। ...और उठाए भी जाने चाहिए। ...क्योंकि औरत पहले से बदल चुकी है। पुरुषवादी सोच ऐसी असंख्य ऐशट्रे बेचकर अब उसे अब गुलाम नहीं बना सकती। देह की पवित्रता और योनि शुचिता की बदलती अवधारणाओं के बीच आज की औरत चीख रही है अगर तुम्हें विवाहेतर संबंध बनाने की छूट है तो हमें क्यों नहीं? सच में अगर किसी में हिम्मत है तो जवाब दे सामने आकर। ...और अब फिर मां शैफाली की कविता ‘सरहद पर’ की आखिरी दो लाइनें-तुम मिले भी तो कहां / जहां जिस्म की सरहदें खत्म होती हैं...। सच में प्यार में कभी-कभी ऐसा भी होता है। मन की आंखों से होता हुआ है तन के भूगोल पर घूमने लगता है। इस पर प्रख्यात मनोवैज्ञानिक अब्राहम मास्लो की थ्योरी है- नीड हैरारकी। वह कहते हैं-जब किसी इनसान की भौतिक जरूरतें पूरी हो जाती हैं तो उसे प्यार और बिलॉन्गिंनेस (के साथ रहकर सुख प्राप्त करना) की जरूरत महसूस होती है। हालांकि इससे इतर हवाई यूनिवर्सिटी की मनोवैज्ञानिक इलियेनी हेटफील्ड का मानना है कि पैशनेट लव यानी तीव्र महत्वाकांक्षा, अनुराग के साथ एंग्जाइटी और सेक्सुअल अट्रैक्शन है। अगर ये चीजें पूरी नहीं हों तो ऐसा प्यार जल्द ही छूमंतर हो जाता है। यहां इलियेनी के तर्क काफी हद तक सच के इर्द-गिर्द नजर आ रहे हैं। बावजूद इसके दिलों का बाजार गुलजार है। खरीदने वाले भी बहुतेरे हैं। पर इत्ता यकीन मानिये ऐसा दिलदार खरीदार बामुश्किल मिलता है जो आपके दिल को सात जन्मों तक सहेज कर रख सके। ...और मां शैफाली की इस कविता के साथ अगले हफ्ते तक के लिए फिलहाल विदा-यह मेरे जीवन की / सबसे अश्लील और अंतिम कविता है / जब मैं अपने स्थूल भगोष्ठों पर / तुम्हारी चेतना के सूक्ष्म स्पर्श को / अनुभव करते हुए / ब्रह्माणीय प्रेम के / चरमबिंदु को छू रही हूं / जहां दो देहों के मिले बिना / आत्ममिलन की संतुष्टि की गाथा / लिखी जाएगी / कामसूत्र के / अदृश्य तामपत्रों में / और उकेरी जाएगी / खजुराहो मंदिर के गर्भ गृह में / जहां तक कभी उस मंदिर की दीवारों की कला / भी नहीं पहुंच पाई / क्योंकि अब हम कला की देहरी को भी / पार कर चुके हैं / भंग कर चुके हैं / साहित्य सीमा को भी / अध्यात्म तो हमारी लापरवाही की फूंक भर है ... / क्योंकि मेरे कानों के पीछे / तुम्हारी एक प्रेम भरी सांस की कल्पना में ही / मेरी मुक्ति की पूरी गाथा लिखी जा चुकी है ...।
मुकुंद
स्थानीय संपादक , प्रयुक्ति (हिंदी दैनिक) नई दिल्ली

शुक्रिया
ReplyDelete