Tuesday, July 17, 2018

...करे तो कयामत तक जुदा न करे

देश, समाज और कानून की चौखट में समलैंगिकता का जलता और चुभता सवाल फिजा में फिर तारी है। सुप्रीम कोर्ट में 158 साल पुरानी भारतीय दंड संहिता की धारा 377 पर निर्णायक दौर की जेर-ए-बहस छिड़ी हुई है। धारा 377 में अप्राकृतिक अपराध का जिक्र करते हुए साफ किया गया है कि जो कोई भी स्वेच्छा से प्रकृति के विपरीत किसी पुरुष, महिला या पशु के साथ शारीरिक संबंध स्थापित करता है, उसे आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है। 

दरअसल भारत दुनिया के ऐसे देशों में शुमार है, जहां समलैंगिकता अब तक अपराध है। संवैधानिक पीठ ने कहा है कि धारा 377 से सहमति से समलैंगिक यौन रिश्तों के अपराध के दायरे से बाहर होते ही एलजीबीटीक्यू समुदाय के प्रति इसे लेकर सामाजिक कलंक और भेदभाव हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा। पीठ ने यह कुबूल किया है कि भेदभाव ने इस समुदाय के लोगों के मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर डाला है। केंद्र सरकार ने भी धारा 377 की वैधानिकता का मुद्दा सुप्रीम कोर्ट के विवेक पर छोड़ दिया है। इस समुदाय की आने वाले फैसले पर अटकी सांसों पर ये लाइनें बहुत कुछ कहती हैं- रब किसी को किसी पर फिदा न करे / करे तो कयामत तक जुदा न करे। गूगल सर्च इंजन पर उपलब्ध सूचना में कहा गया है कि फिलवक्त 25 मुल्कों के कुछ राज्यों और हिस्सों में समलैंगिक विवाह को वैधानिक किया जा चुका है। ये देश हैं-नीदरलैंड, नॉर्वे, बेल्जियम, स्पेन, दक्षिण अफ्रीका, ताइवान, ब्राजील, अर्जेंटीना, कोलोंबिया, फ्रांस, आयरलैंड, आइसलैंड, पुर्तगाल, डेनमार्क, अमेरिका, जर्मनी, माल्टा, न्यूजीलैंड, संयुक्त राजशाही, मैक्सिको, स्वीडन, लक्समबर्ग, उरूग्वे, फिनलैंड और कनाडा। नीदरलैंड पहला देश है जिसने 2001 में ऐसी शादियों को मान्यता प्रदान की। बावजूद इसके इस बात का कोई पक्का आंकड़ा मौजूद नहीं है कि समूची दुनिया में कितने महिला और पुरुष समलैंगिक हैं। हालांकि समलैंगिकता का वजूद सभी संस्कृतियों और देशों में मिलता है। देश में पहली समलैंगिक शादी छत्तीसगढ़ के सरगुजा में जिला अस्पताल की 35 वर्षीय नर्स तनुजा चौहान और 25 वर्षीय जया वर्मा ने वैदिक रीति-रिवाज से की थी।  यह वाकया 27 मार्च 2001 का है। तनुजा ने पति और जया ने पत्नी के रूप में अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए। इसके बाद शानदार दावत दी थी। इसके बाद दुर्ग में डॉ. नीरा रजक और नर्स अंजनी निषाद ने समलैंगिक विवाह के लिए जिला प्रशासन के समक्ष आवेदन किया था। प्रशासन ने आवेदन को ठुकरा दिया था। यह अलग बात है कि दोनों के जीवन में इसका कोई फर्क नहीं पड़ा। दोनों साथ-साथ हैं। कुछ वक्त बाद रायगढ़ में 20 साल की रासमति और 13 साल की रुक्मणी की समलैंगिक शादी चर्चा में आई। दोनों के परिवार ने आसमान सिर पर उठा लिया। आखिर में दो दिल हमेशा-हमेशा के लिए अलग कर दिए गए। छत्तीसगढ़ पहला राज्य है, जहां इस तरह का वाकयात सबसे ज्यादा हुए हैं।  21 अप्रैल 2011 छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने दो बालिग लड़कियों को साथ रहने की अनुमति प्रदान की थी। दोनों लड़की लंबे वक्त से साथ रह रही थीं। एक लड़की के परिजनों को इस पर आपत्ति थी। हाईकोर्ट में अपने सेवाकाल के आखिरी दिन जस्टिस धीरेंद्र मिश्रा ने फैसला सुनाते हुए कहा था कि दोनों बालिग हैं और इनके साथ रहने को गैरकानूनी नहीं माना जा सकता। दोनों लड़कियों ने इस रिश्ते में जीवनभर साथ रहने का वचन दिया है। हाईकोर्ट ने दोनों से समलैंगिक रिश्ते पर सवाल किए थे। मगर इस पर दोनों ने कोई टिप्पणी नहीं की थी। 2008 में बिलासपुर की उर्वशी और सरस्वती ने शादी की थी। यह कुछ उदाहरण हैं। इनमें यह कहावत अपना वजूद स्थापित कर रही है-जब मियां-बीवी राजी तो क्या करेगा काजी। पिछले साल 30 दिसंबर की तारीख को याद करिए। 


महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में ऋषि साठावणे ने अपने पार्टनर विन के साथ शादी कर सबको चौंका दिया। ऋषि अमेरिकी नागरिक हैं। ऋषि ने अपनी फेसबुक पोस्ट पर अपनी प्रेमकथा और शादी की खुशी का इजहार किया था। गे और लेस्बियन का यह दायरा बढ़ता ही जा रहा है। ...और इसने उम्र की दीवारें तोड़ दी हैं। ऐसे ही 19 वर्षीय वरुण किशोर हैं। वह आईआईटी दिल्ली में पढ़ते हैं। वह इस बहस के अहम किरदार हैं। सुप्रीम कोर्ट जिन याचिकाओं की सुनवाई कर रहा है, उनमें एक याचिका उनकी भी है। वरुण किशोर का सवाल है-देश में दलितों के साथ गलत होता है। कानून उनके साथ खड़ा होता है। मुसलमानों के साथ गलत होता है। उनकी हिफाजत के लिए कानून है। लेकिन हमारा क्या? समाज छोड़िए, हमें तो कानून ही अपराधी मानता है। समलैंगिकता से भारतीय सिनेमा भी अछूता नहीं है। अलीगढ़ में मनोज वाजपेयी समलैंगिक किरदार में नजर आ चुके हैं। नंदिता दास और शबाना आजमी अभिनीत फायर भी इसकी गवाह है। गर्लफ्रेंड में ईशा कोपिकर और अमृता अरोरा हैं। फैशन तो फिल्म इंडस्ट्री की नीली परतें उघाड़ती है। फिल्म निर्देशक फराज आरिफ अंसारी की शॉर्ट फिल्म सिसक अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में धूम मचा चुकी है। सिसक समलैंगिकों पर बनी भारत की पहली साइलेंट फिल्म है। और आखिर में यह जान लीजिए-शिल्पकार माइकल एंजेलो गे थे। चाइना के पहले प्रधानमंत्री चाऊ एन के समलैंगिक होने का दावा एक किताब में किया जा चुका है। 

मुकुंद
स्थानीय संपादक, प्रयुक्ति (हिंदी दैनिक), नई दिल्ली

No comments:

Post a Comment