महज कुछ सालों में आॅनलाइन सिनेमा का चेहरा पूरी तरह बदल गया है। अब वह मन और देह के निषिद्ध कोनों की पड़ताल करता है। इसमें सिनेमा तो होता है पर सिनेमाघर नहीं। इसे आप वेब सिनेमा भी कह सकते हैं। ऐसा नहीं है कि जिस्मानी रिश्तों की वर्जनायें नहीं टूटतीं। वह टूटती हैं। जरूर टूटती हैं। मगर बंद दीवारों के भीतर। ...और अकसर बिस्तर पर। मगर इस माध्यम में वह पल-पल टूटती हैं। नेटफ्लिक्स ऐसा ही प्लेटफार्म है। 15 जून को इस आभासी दुनिया में अनुराग कश्यप, जोया अख्तर, दिबाकर बनर्जी और करन जौहर की फिल्म ‘लस्ट स्टोरीज’ रिलीज हुई है। यह सिनेमा औरतों के जिस्म के भूगोल को नापता नजर आता है। देह की ख्वाहिशों के दायरों को ध्वस्त करता है। दरअसल लस्ट स्टोरीज कामुकता के ताने-बाने में बुनीं चार शार्ट स्टोरी हैं।
वैसे भी सिनेमा की दुनिया और उसके चाहने वाले तो शुरू से ही देह की दमक के दीवाने रहे हैं। यहां प्यार नहीं है। चाहते हैं। सिर्फ जिस्म की भूख शांत करने की कशमकश है। ...और प्रेम हो भी कैसे। ...क्योंकि प्रेम तब तक सिर्फ एक शब्द भर है...जब तक आप इसका अहसास नहीं कर लेते। ...और लस्ट स्टोरीज में यह अहसास आपको नहीं हो सकता। ...क्योंकि इन चारों कहानियों की जीस्त यह है कि जिस्म तपेंगे। मचलेंगे। लस्ट स्टोरीज देखते हुए मुझे लगा कि ये कहानियां 1997 की फिल्म परदेस के गाने की तरह हैं। ये गाना है- दो दिल मिल रहे हैं, मगर चुपके-चुपके / सबको हो रही है, खबर चुपके-चुपके/ सांसों में बड़ी बेकरारी, आंखों में कई रतजगे / कभी कहीं लग जाये दिल तो, कहीं फिर दिल न लगे...। यह जरूरी नहीं कि लस्ट स्टोरीज देखकर आपको भी ऐसी ही फीलिंग हो। लस्ट स्टोरीज यदि भारत के सिनेमाघरों में रिलीज होती तो पक्का मान लीजिए कि सेंसर बोर्ड की कैंची से वह बच नहीं पाती। ...और सेंसर बोर्ड की आंखों से इसलिए नहीं गुजरी, क्योंकि हमारे देश में मोबाइल फोन पर प्रदर्शन के लिए किसी फिल्म को सेंसर बोर्ड यानी केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं पड़ती। आॅनलाइन सिनेमा बहुत तेजी से आर्थिक रूप से ताकतवर हो रहा है। स्टेटिस्टा के आंकड़ों के मुताबिक आॅनलाइन सिनेमा सेगमेंट ने अकेले यूएसए में 3, 407 मिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई की है। 2016 में वीडियो आॅन डिमांड का रेवेन्यू 11,840 मिलियन डॉलर था। 2018 के आखिर तक बढ़कर यह 21,732 मिलियन डॉलर हो जाएगा। 2016 में 218 मिलियन दर्शक आॅनलाइन सिनेमा को देख रहे थे। इस साल 2018 के अंत तक यह आंकड़ा 258 मिलियन हो जाएगा। इस फिल्म पर देश के अखबारों और चैनलों ने जमकर चर्चा की है।
द हिंदुस्तान टाइम्स में रोहन नाहर कहते हैं कि यह फिल्म दमित सेक्सुअलिटी को अनड्रेस (उघाड़ती) करती है। द इंडियन एक्सप्रेस में अलका साहनी का विचार है कि लस्ट स्टोरीज औरत के हृदय के रहस्यों पर रोशनी डालने की कोशिश है, जिसे अकसर छुपा दिया जाता है। द न्यूज मिनट में मृदुला आर का मत है कि यह मानवीय इच्छाओं पर ईमानदार संकलन है। स्क्रॉल में नंदिनी रामनाथ कहती हैं कि ऐसी चीजें बिस्तर की चरमराहट, खुद को आनंद देना आदि, जिन्हें आमतौर पर बड़े परदे पर दिखाने की अनुमति नहीं होती, दिखाई गई हैं। फर्स्ट पोस्ट में श्वेता रामाकृष्णन का नजरिया है-यह फिल्म बॉलीवुड की सेक्सुअल जागृति की दिशा में एक और कदम है। द वायर में तनुल ठाकुर इन कहानियों को नैतिकता और ताकत को उलट-पलट करने वाली मानते हैं। बीबीसी हिंदी में मिहिर पंड्या की टिप्पणी है-ये वासना में संवेदनशीलता तलाशती कहानियां हैं। लस्ट स्टोरीज पर मीडिया विजुल में प्रकाश केरे का दृष्टिकोण बेहद संजीदा है। वह कहते हैं-वर्जनाओं से अभिशप्त देश की नियति यह है कि 70 साल की आजादी के बाद भी समलैंगिकता पर सामान्य समझ नहीं बन पाई है और लस्ट स्टोरीज जैसी अभिव्यक्तियां उदारवादी उत्सव का कारण बन रही हैं। न्यूज 18 हिंदी में मनीषा पाण्डेय का नजरिया है-लस्ट मतलब वासना। मुझे यह शब्द पसंद नहीं। कामना ज्यादा बेहतर शब्द लगता है। ...क्योंकि सभ्यता ने इसे शर्मसार नहीं किया। बस देह से उसका ताल्लुक नहीं जमने दिया। तो ये कहानियां देह में बसी कामनाओं की कहानियां हैं। यदि यह कहा जा रहा है कि लस्ट स्टोरीज वर्जनाओं को तोड़ती, उघाड़ती या रेखांकित करती है, तो कहने वाले न तो मुख्यधारा की फिल्मों से परिचित हैं और न ही इंटरनेट पर आती लघु फिल्मों से। इस क्रम में प्रकाश केरे लस्ट स्टोरीज के बहाने दिल्ली में 1857 के गदर के दौरान का किस्सा याद कराते हैं। वह कहते हैं-अदालत में एक आदमी ने मुकदमा दायर किया कि उसकी बीवी किसी दूसरे मर्द के साथ है। औरत से जब पूछा गया तो उसने जवाब दिया कि उसका पति उसे शारीरिक रूप से संतुष्ट नहीं कर पाता । इसलिए वह उसके साथ नहीं रहना चाहती। उसे अदालत ने रोका नहीं। बहरहाल अनुराग कश्यप, जोया अख्तर, दिबाकर बनर्जी और करन जौहर को आप लस्ट स्टोरीज के लिए याद रखेंगे या बॉम्बे टॉकीज के लिए। यह आपको तय करना है। इन चारों ने 2013 में भारतीय सिनेमा की 100वीं सालगिरह पर बॉम्बे टॉकीज का निर्माण किया था। ...और पांच साल बाद चारों लस्ट स्टोरीज लेकर आए हैं। इन कहानियों को जीवंत किया है राधिका आप्टे, भूमि पेडनेकर, मनीषा कोइराला, कियारा आडवाणी, नेहा धूपिया, संजय कपूर और विकी कौशल आदि ने।
मुकुंद
स्थानीय संपादक, प्रयुक्ति (हिंदी दैनिक) नई दिल्ली


No comments:
Post a Comment