Tuesday, July 3, 2018

तुम्हारी रूह के जख्मों से शर्मिंदा हूं मैं

मुझे काफिर घोषित कर दीजिए। ...क्योंकि मैं बेहद गुस्से में हूं। ...क्योंकि मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि अपने देश में इस श्लोक ‘ यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता:’ का कोई मायने नहीं रह गया है। ऐसे श्लोकों से कोई उपदेश नहीं ले रहा। जला दिए जाने चाहिए ऐसे ग्रंथ। ...क्योंकि अब ये उपदेश मिथ्या हैं। बलात्कारी बेखौफ हैं। इन्हें फांसी का भी डर नहीं है। अगर होता तो 2012 के निर्भयाकांड के गुनहगारों का हश्र देखकर मंदसौर में हैवानियत की वैसी ही कहानी दुहराई नहीं जाती। इस बार भेड़ियों ने मासूम के साथ दरिंदगी की। कुछ साल से ऐसी घटनाओं की बाढ़ आ गई है। हर बार किरदार बदलता है। मगर इन सबके केंद्र में योनि ही होती है। पिछले साल उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में एक व्यक्ति ने अलग रह रही पत्नी के साथ जबरन संबंध बनाने के बाद योनि पर तेजाब की शीशी उड़ेल दी थी। ...और 2016 में दिल्ली पुलिस ने अनिल कुमार (28) को गिरफ्तार किया था। आप यह सोच भी नहीं सकते कि इसका गुनाह क्या था? सुन लीजिए-वह खादर में एक महिला की लाश के साथ बलात्कार कर रहा था। आखिर यह क्या हो रहा है? लड़की के प्यार ना कुबूल करने पर बलात्कार। दो घरों में दुश्मनी पर परिवार की महिलाओं के साथ बलात्कार। स्कूल, मंदिर, चर्च, मसजिद, कार, बस, घर- हर जगह बलात्कार। आदर्श से आतंक के ठिकानों में बलात्कार।

  आखिर क्यों?  हर कुंठा के केंद्र में योनि। मानो-भय, क्रोध, दंभ, अहंकार, प्रतिशोध, हिंसा, नफरत और अनंत सुख के आग की पराकाष्ठा यहीं आकर शांत होती है। मंदसौर की खूंरेजी वारदात पर मोनिका जौहरी की कविता मौजूदा समाज का खौफनाक सच सामने रखती है। ...और यह भी कि बलात्कार की पीड़ा क्या होती है, इसे औरत से बेहतर कोई और नहीं समझ सकता। लिखने को लिखा जा सकता है कि यह औरत के लिए दोजख है। समाजवादी चिंतक डॉ. राममनोहर लोहिया को भी बीच बहस रखा जा सकता है। वह कहते रहे हैं-औरत बेवफाई के अलावा सबकुछ बर्दाश्त कर सकती है। कुछ लोग इसका आशय यह निकाल सकते हैं कि वह बलात्कार को स्वीकार कर सकती है। ऐसा समझने और मानने वालो-हरगिज नहीं। औरत को दोजख में ले जाने वालो मोनिका जौहरी का काव्य विद्रोह पढ़ो- यहां पूजा जाता है लिंग / और...योनियों में ठूंस दी जाती हैं / मोमबत्तियां... / प्लास्टिक की बोतलें... / कंकड़-पत्थर.. / लोहे की सलाखें तलक... / चीर दिया जाता है गर्भ... / कर दी जाती है बोटी-बोटी / दौड़ाया जाता है जिस्म नंगा कर सरेबाजार.../ बता डायन खींच ली जाती है सलवार... / और बना देवदासी भोगा जाता है बार-बार.../ और आप / मुझे भाषा की श्लीलता और अश्लीलता सिखाए जाने को मरे जा रहे हैं/ मर्यादा के नाम पर / सच को ढाके रखने की यह सांस्कृतिक विरासत रखें अपने पास... / विद्रोह मयार्दा में बने रहना नहीं, मयार्दाएं तोड़ देना है...। यह तो रही कविता की बात। भेड़ियो! कल्पना करो। अगर औरत भी जानवर बन गई तो क्या होगा? अगर औरत भी मुट्ठी तानकर विद्रोह कर बैठी तो ? यकीन मानना अगर वह भी कानून के मंदिर से ऊपर जाकर सजा का ऐलान करने लगी तो? और वह अपनी जमात के बीच यह सजा सुना दे कि सिर्फ इसके हाथ-पैर काटकर हमाम में भेज दो। ताकि बेलिबास जनाना जिस्म देखकर उसका बदन तपने लगे। और सुबह होने से पहले उसके लिंग को काटकर कुत्तों को खिला दिया जाए। बहरहाल इन भेड़ियों को पनाह देने के लिए समाज ही जिम्मेदार है। अगर ऐसा नहीं होता तो औरत की देह पर पाबंदियां नहीं होतीं। खुद को विकासशील कहते हैं। यह भी कहते हैं-बेटा-बेटी में कोई फर्क नहीं। ...और जब बात लड़की की आती है तो शुरू हो जाता है प्रपंच। यहां मत जाओ। उसके साथ नहीं जाना। हमारी मर्जी से शादी करनी होगी। तलाक नहीं लेना है। सालभर में पहला बच्चा पैदा करो। सिर के अलावा शरीर के सारे बाल निकालो। छरहरी दिखो। मगर इतनी दुबली भी नहीं कि छाती चपटे तवे सी लगे। टांग छुपाओ। हद तो यह है कि औरत के दुश्मन गंवार और अनपढ़ ही नहीं, बल्कि गरिमामय पदों पर विराजमान लोग तक बने हुए हैं। बिहार के एक जज को देख लीजिए। इसने अपनी बेटी को घर में इसलिए बंधक बना लिया कि वह सुप्रीम कोर्ट के एक वकील से प्यार करती है। कैसे लोग हैं ये। तो भेड़ियो! लिंग को काटकर कुत्तों को खिलाने का जनाना फैसला विद्रोह और बदले का काल्पनिक पक्ष है। मगर आवाज  उठनी शुरू हो गई है। लोग नहीं चाहते कि हैवानों को अब फांसी हो। लोग क्या चाहते हैं, इसका छोटा सा नजरिया वरिष्ठ पत्रकार और संपादक कल्पेश याग्निक के ‘असंभव के विरुद्ध’ में देखने को मिला।  इसका निष्कर्ष है-मंदसौर की 7 वर्षीय बच्ची रक्तरंजित है। सुरक्षा व्यवस्था और कानून के रखवाले कलंकित हैं। पौरुष पराजित है। किंतु, तीसरी कक्षा की उस नन्ही छात्रा को वहशी हमले का शिकार बनाने वाले इरफान और आसिफ को फांसी नहीं मिलनी चाहिए। इन्हें ताउम्र जेल में रखा जाए। ...और आखिर में मकबूल और अजीज शायर देवेंद्र मांझी के हवाले से -क्या बताऊं दोस्तो कैसा हूं मैं / रूह के जख्मों से शर्मिंदा हूं मैं। 

मुकुंद
स्थानीय संपादक, प्रयुक्ति (हिंदी दैनिक), नई दिल्ली

No comments:

Post a Comment