Wednesday, August 1, 2018

अब तो कागज भी शर्मशार हैं...!

समाज में छिपे भेड़ियों के लिए कठोर दंड के प्रावधान के बावजूद बलात्कार की वारदात थम नहीं रहीं। सवाल है आखिर क्यों? इस सवाल का जवाब हम सबको नंगा करने वाला है। ...क्योंकि अगर किसी लड़की या महिला के साथ बलात्कार होता है तो समाज फौरन दो हिस्सों में बंट जाता है। एक हिस्सा भेड़िये के खिलाफ आवाज उठाता है तो दूसरा पीड़िता का अतीत खंगालता है। खांचों में विभाजित मनोवृत्ति को लड़की के दर्द और अपमान की चिंता नहीं होती। प्रगतिशील पुरुष और मुट्ठी भर महिलायें स्त्रीवाद का झंडा लहराती इंडिया गेट या जंतर-मंतर पर कैंडल मार्च करती हैं। हैरानी तो इस बात की है कि अब बलात्कार को भी श्रेणियों में विभाजित कर देखा जाने लगा है। सामान्य लड़की के यौन शोषण की घटना सिंगल कॉलम में छपती है। बड़े घरानों की बहू-बेटियों के साथ होने वाली वारदात पर चैनल चीखने लगते हैं। ऐसा ही जगह को लेकर है। गांव-कस्बे की वारदात हो तो कोई शोर नहीं होता। थाने में तहरीर तक नहीं ली जाती। महानगर हो तो हंगामा बरप जाता है। अखबार रंग जाते हैं। चैनलों के प्राइम टाइम पर बहस शुरू हो जाती है। औरतों के खिलाफ सबसे जघन्यतम अपराध पर दो तरह की अवधारणा शर्मनाक है। आखिर यह क्यों नहीं समझा जा रहा कि बलात्कार सिर्फ बलात्कार होता है। उसे ऊंच-नीच के चश्मे से नहीं देखना चाहिए। ऐसा करना बलात्कार के साथ बलात्कार है। जोर-जबर से बनाया गया जिस्मानी रिश्ता बलात्कार ही होता है। दंड विधान संहिता में बलात्कार को बलात्संग कहा गया है। इस शब्द की परिभाषा से साफ है कि अगर किसी वेश्या के साथ भी मर्जी के बिना रिश्ता बनाया जाता है तो वह बलात्संग है। ऐसी वारदात न रुकने की बड़ी वजह यह भी है कि बेटे शराब पिएं। बीड़ी-सिगरेट पिएं। मारे-पीटें। रोजाना नई लड़की से संबंध बनाएं। हम कुछ न बोलें। नैतिकता की चादर ओढ़कर खामोश रहें। ...और यही सब बेटियां करें तो उन्हें छिनाल कहना शुरू कर देते हैं।  घरों में कैद कर देते हैं। आखिर क्यों? यह परिपाटी बंद होनी चाहिए। संस्कार सबके लिए बराबर होने चाहिए। ...और इसकी शुरुआत हम-सबको अपने घरों से करनी होगी। ...और हम अब भी यह न कर पाए तो यकीन मानिये-कल हमारी बहू-बेटी को भी भेड़िया शिकार बनाएगा। 

संसद के उच्च सदन राज्यसभा में 25 जुलाई को कांग्रेस की कुमारी शैलजा और समाजवादी पार्टी की जया बच्चन ने बलात्कार पर चिंता जताई है। दोनों ने महिलाओं के यौन उत्पीड़न की बढ़ती घटनाओं पर सदन का ध्यान खींचने की कोशिश की। शून्यकाल में कुमारी शैलजा ने कहा-संसद के हर सत्र में महिलाओं के यौन उत्पीड़न का मुद्दा उठाया जाता है। यह अत्यंत दुख, दर्द से भरा मुद्दा है और बेहद शर्मनाक भी है। शैलजा ने हरियाणा के पंचकूला जिले में स्थित मोरनी में एक महिला के साथ 40 लोगों के बलात्कार करने की घटना का हवाला दिया। उन्होंने बिहार के मुजफ्फरपुर में बालिका आश्रय गृह की बच्चियों के साथ हुई दरिंदगी का जिक्र किया। जया बच्चन ने कहा-हर दूसरे दिन मैं खड़ी होती हूं और महिलाओं की सुरक्षा के बारे में बात करती हूं। मुझे बेहद शर्म महसूस होती है। जया ने सुझाव भी दिया है कि ऐसे अपराधियों के अभिभावकों को सार्वजनिक रूप से शर्मिंदा किया जाना चाहिए। सभापति एम वेंकैया नायडू ने इस पर सहमति भी जताई है। उन्होंने कहा है कि यह गंभीर मुद्दा है। हमें सोचना होगा कि क्या कानून में कोई कमी है? क्या समाज की सोच में बदलाव लाना होगा? 
बलात्कार का तालिबानी चेहरा बेहद डरावना है। संसद में इससे पहले भी ऐसी गूंज हो चुकी है। 16 दिसंबर 2012 को कोई कैसे भूल सकता है। दिल्ली के निर्भया कांड ने सारी दुनिया को झकझोर दिया था। मगर किसी को फरवरी 1991 में उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के कुनन और पोशपोरा गांव में तकरीबन 30 महिलाओं के साथ सामूहिक बलात्कार का वाकया याद नहीं होगा। इस वाकये के 22 साल बाद 2013 में इन महिलाओं की मदद के लिए एक समूह का गठन किया। इस समूह ने जांच के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया। मगर सुप्रीम कोर्ट ने दोबारा जांच शुरू करने पर सेना की आपत्ति के बाद इस पर रोक लगा दी। इस पर पांच कश्मीरी महिलाओं इस्सर बतूल, इफराह बट, समरीना मुश्ताक, मुनाजा राशिद और नताशा राथर ने किताब ‘डू यू रिमेंबर कुनन पोशपोरा?’ लिखी है। इसमें बलात्कार पीड़ित महिलाओं की चीख सुनी जा सकती है। बलात्कार का दर्द क्या होता है? यह इजरायली सुंदरी लिनर एबरगिल के आंसुओं से समझा जा सकता है। लिनर को 1998 में 18 वर्ष की उम्र में मिस वर्ल्ड चुना गया था। इसकी घोषणा होते ही वो रो पड़ी थीं। दरअसल इस आयोजन से कुछ हफ्ते पहले उनके साथ चाकू की नोक पर बलात्कार हुआ था। ...और वह अपनी टीस को जज्ब नहीं कर पाईं। पूरी दुनिया के सामने आरोपी का खुलासा किया। इसके बाद आरोपी को 16 साल की सजा हुई। मुजफ्फरपुर का किस्सा एक बार फिर। यहां के आश्रय गृह में 42 बच्चियां रहती थीं। इनमें से 29 के साथ अब तक बलात्कार की पुष्टि हो चुकी है। संदेह की सूई सफेदपोशों के इर्द-गिर्द घूम रही है। सफेदपोश भेड़िये कानून के लंबे हाथों से बहुत दूर हैं।

मुकुंद 
स्थानीय संपादक, प्रयुक्ति (हिंदी दैनिक), नई दिल्ली 
(आलेख का प्रकाशन प्रयुक्ति में 31 जुलाई 2018 मंगलवार को हुआ)

No comments:

Post a Comment