Tuesday, August 14, 2018

चांद से जिस्म...आग के झरने

औरत-पुरुष के मन-मंदिरों में वासनाओं के धधकते अनगिनत ज्वालामुखी देखकर ना जाने क्यों मुझे आधुनिक विचारक ओशो यानी रजनीश का चिंतन सच लगने लगता है। यह भी लगने लगता है कि आखिर दुनिया उसके विचारों को आत्मसात क्यों नहीं कर लेती। ऐसा लगता है कि उनकी आंखों ने भविष्य की भयावह तसवीर देख ली थी। वह चेता गए हैं-जिस दिन दुनिया में सेक्स स्वीकृत होगा, जैसा कि भोजन और स्नान स्वीकृत है। उस दिन दुनिया में अश्लील पोस्टर नहीं लगेंगे। अश्लील किताबें नहीं छपेंगी। अश्लील मंदिर नहीं बनेंगे। ...क्यों कि जैसे-जैसे वह स्वीकृत होता जाएगा। इनकी जरूरत ही नहीं पड़ेगी। वह यह भी मानते हैं कि अगर किसी समाज में भोजन को पाप मानकर सार्वजनिक तौर पर वर्जित कर दिया जाए तो भोजन के पोस्टर सड़कों पर फौरन लगने लगेंगे। ...क्यों कि इनसान पोस्टर्स से भी तृप्ति पाने की कोशिश करेगा। पोस्टर्स से तृप्ति तभी मिलती है, जब जिंदगी में तृप्ति पाने के द्वार बंद हो जाते हैं। वह आने वाली पीढ़ियों का आह्वान कर गए हैं-तुम जिस दुनिया को बनाने में संलग्न हो, उसमें सेक्स को वर्जित मत करना। अन्यथा इनसान कामुक से कामुक होता चला जाएगा। मन के सूत्रों और मन के विज्ञान का बोध समझना। ओशो के विचार कालजयी हैं। सारी दुनिया इस समय वासना के भंवर में फंसी है। दिमाग को सन्न कर देने वाली सूचनाएं विस्फोट कर रही हैं। कोने-कोने से औरत की अस्मिता को तार-तार कर देने वाली खबरें हैं। उन्नाव, जम्मू, मुजफ्फरपुर और अब देवरिया। 

यह घटनायें सेक्स को वर्जित करने का नतीजा हो सकती हैं। कोई यह समझने को तैयार नहीं है कि हमारे दर्शन में वासना और कामना कभी अस्वीकार्य नहीं रही। ऐसा लगता है कि प्राचीनकाल से सत्रहवीं सदी के बीच रचा गया साहित्य लोग भूल चुके हैं। साहित्य का यह संपूर्ण कालखंड शृंगारिकता और कामवासना से लबरेज है। देह और सौंदर्य विज्ञान पर रचा गया कामसूत्र, कोकशास्त्र, सौंदर्य लाहिरी, गीत गोविंद, अनंग रंग आदि इसी कालखंड की देन है। खजुराहो की चंदेलकालीन मैथुन मूर्तियां कामना और वासना की आलौलिक दुनिया का आभास कराती हैं। इन्हें देखकर बलात्कार करने की नहीं चाहत नहीं होती। मगर दुनिया इस अबूझ पहेली को सुलझाने के बजाय कामनाओं की फंतासियों में जी रही है। इंटरनेट पर नीली फिल्में देखकर तृप्ति का अहसास किया जा रहा है। जाने-पहचाने हसीन चेहरों की काम-क्रीडाओं में खुद को आत्मसात कर चरम सुख कई गुनाहों को जन्म दे रहा है। नीले सपनों के सौदागर अत्याधुनिक तकनीक डीपफेक्स के जरिए अभिनेत्रियों के चेहरे दूसरे के शरीर में चस्पा कर काम क्रीडा का नया जाल फैला रहे हैं। सेक्शुअल फंतासियों के बहेलिये इंटरनेट पर रोज नई चिड़िया प्रस्तुत कर रहे हैं। रोमानिया से पढ़ाई का इरादा लेकर लंदन जाने वाली लड़की को किडनैप कर आयरलैंड ले जाया जाता है। उसके आपत्तिजनक फोटोज उसी की फेसबुक पर पोस्ट कर दिए जाते हैं। उसे वेश्यावृत्ति के लिए मजबूर किया जाता है। इंटरनेट पर उसके बेलिबास फोटो अपलोड कर विज्ञापन दिए जाते हैं। उसे नतालिया, लारा, रशेल और रूबी के नाम से एक-एक दिन में 20 लोगों के साथ सोने को मजबूर किया जाता है। 2011 की इस कहानी की जीस्त यह है कि कच्चे गोश्त के बाजार का अंतहीन सिलसिला जारी है। कुछ दिन पहले इंडोनेशिया में एक 83 साल के जिन अमरीन को गिरफ्तार किया गया है। इसने 15 बरस पहले एक 13 साल की लड़की का अपहरण किया। तब से अब तक उसका यौन शोषण करता रहा। इस लड़की को एक गुफा से बरामद किया गया है। मन मंदिरों में धधकते ये ज्वालामुखी कितने भयावह हैं। यह भी जान लीजिए। शायद आप यह जानकर हैरान हो सकते हैं अमेरिका जैसे मुल्क के चार राज्यों में बलात्कारी को पीड़िता के संतान के पिता होने का अधिकार दिया जाता है। इस मुल्क में हर साल लगभग 32 हजार महिलाएं बलात्कार की वजह से गर्भवती होती हैं। आइए ,अब चलें दक्षिण अफ्रीका। यहां का डीपस्लूट शहर जोहानिसबर्ग के सबसे खतरनाक इलाकों में से है। यहां बलात्कार है। यहां हर तीसरा इनसान बलात्कारी है। हालिया रिपोर्ट में कहा गया है कि यह शहर गरीबी और बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहा है। महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और रेप कल्चर ने यहां की आर्थिक स्थिति को और खराब दिया है। दरअसल यह दौर समाज और दुनिया को कहां ले जाएगा...कुछ पता नहीं। पुरुषों के दिल-ओ-दिमाग में कच्ची उम्र की किशोरियों को जकड़ने के सपने पनप रहे हैं। पढ़ा-लिखा देश का युवा ब्रिटिश लेखिका ईएलजेम्स के उपन्यास ‘फिफ्टी शेड्स आॅफ ग्रे’को पढ़कर ऐसी ही कामुक फंतासियों में जी रहा है। इसमें चरम सुख के लिए कुछ भी वर्जित नहीं है। कुछ भी नहीं...। तो दोस्तो...अगर कभी फुरसत मिले तो राज कॉमिक्स का कामसूत्र भी पढ़ कर देखिएगा। इसके अलावा सोलहवीं सदी के घटनाक्रम पर केंद्रित 1996 में रिलीज मीरा नायर निर्देशित फिल्म ‘कामसूत्र’ का ट्रेलर ही यू-ट्यूब पर देख लीजिएगा। जून में यह इस प्लेटफार्म पर इतिहास रच चुका है। यह यू-ट्यूब पर अब तक का तीसरा सबसे ज्यादा देखा जाने वाला ट्रेलर बन चुका है। देखने में कोई बंदिश नहीं है। इस वक्त सबसे बड़ी जरूरत जंजीरों में जकड़े सेक्स को आजाद करने की है। सेक्स को पाप नहीं पुण्य के तौर पर देखने की है।  
मुकुंद
स्थानीय संपादक, प्रयुक्ति (हिंदी दैनिक)  नई दिल्ली
(प्रयुक्ति में मंगलवार, 14 अगस्त 2018 को प्रकाशित)

No comments:

Post a Comment