मुझे नहीं मालूम कि दुनिया को ‘सेक्स से समाधि’ की दिशा पर ले जाने वाले चंद्रमोहन जैन यानी रजनीश यानी भगवान रजनीश और आखिर में ओशो के दर्शन और मान्यताओं से आप कितना प्रभावित हैं। सेक्स पर अपने उन्मुक्त विचारों से नस्लों को प्रभावित करने वाले ओशो ने अपनी किताब ‘ग्लिप्सेंस आॅफ्ड माई गोल्डन चाइल्ड हुड’ में लिखा है-कॉपीराइट वस्तुओं और चीजों का तो हो सकता है लेकिन विचारों का नहीं। यह बहुत बड़ी बात है। इसे समझने की जरूरत है। कुछ दिनों पहले आॅनलाइन स्ट्रीमिंग सर्विस नेटफ्लिक्स पर ‘वाइल्ड वाइल्ड कंट्री’ सीरीज शुरू हुई है। इस सीरीज ने पुणे में समाधिस्थ ओशो को फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है। ओशो के साम्राज्य में कभी सबसे ताकतवर मां आनंद शीला रही हैं। अब वह शीला बर्न्सटील हो चुकी हैं। स्विटजरलैंड की माइसप्रख घाटी में आलीशान आवास में रहती हैं। वह भगवान रजनीश की प्रवक्ता और निजी सचिव रही हैं। नेटफ्लिक्स की विचारों और चर्चाओं की शृंखला ने विस्फोट किया है। हालांकि रजनीश और शीला के दैहिक संबंधों पर देश-दुनिया के अखबारों और पत्रिकाओं में बहुत कुछ लिखा जा चुका है। बावजूद इसके बहुत सी बातें अभी भी परदे के पीछे हैं। एडिनबरा के ह्यूग मिल ने अंगरक्षक के तौर पर रजनीश के साथ कई दशक गुजारे हैं। ह्यूग अपनी गर्ल फ्रेंड के साथ रजनीश के आश्रम में रहे हैं। ह्यूग अब 70 साल के हैं। रजनीश के जीवन पर लिखी ह्यूग की किताब ‘द गॉड दैट फेल्ड’ चर्चित है। ओशो को ह्यूग बहुरूपिया मानते हैं। ह्यूग खुलासा कर चुके हैं कि रजनीश का दिल उनकी गर्ल फ्रेंड पर आ गया। इसके बाद उन्हें आश्रम से करीब 600 किलोमीटर दूर खेतों पर काम करने के लिए भेज दिया गया। फिर रजनीश उनकी गर्लफ्रेंड के साथ हमबिस्तर होने लगे। रजनीश के बारे में यह खुलासा भी हो चुका है कि वह सुबह 4:00 बजे अपनी महिला शिष्यों को विशेष दर्शन दिया करते थे। ह्यूग यह भी खुलासा कर चुके हैं कि मां आनंद शीला से उनका जबरदस्त अफेयर रहा है। यहां यह बताना जरूरी है कि रजनीश अपनी मान्यताओं का शहर नहीं बसा पाए। ओरेगन सिटी से उन्हें बेदखल कर दिया गया।
इनदिनों भारतीय समाज नई कशमकश से गुजर रहा है। दमित इच्छाओं का दावानल बच्चियों पर बलात्कार बनकर फूट रहा है। शादीशुदा जिंदगी के चटकते-टूटते रिश्तों का कठोर सबब बेडरूम में विवाहेतर संबंधों को जन्म दे रहा है। ...और इस पर देश का सुप्रीम कोर्ट मंथन कर रहा है। इसकी वजह यह है कि करीब 150 साल से भारतीय कानून विवाहेतर संबंध के लिए सिर्फ पुरुष को व्यभिचार का दोषी मान रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने यह स्वीकार किया है कि यह कानून महिला और पुरुष को समान नजर से नहीं देखता। यह समानता के अधिकार का उल्लंघन करता है। सुप्रीम कोर्ट ने इस आधार पर यह भी मान लिया है कि जब समाज प्रगति करता है और लोगों को नए अधिकार प्रदान किए जाते हैं, तो नए विचार भी बढ़ने चाहिए और इसलिए अब धारा 497 की समीक्षा की जानी चाहिए। मगर केंद्र को यह आपत्ति है कि अगर धारा 497 को खत्म कर दिया जाता है तो इससे विवाह की पवित्रता खत्म हो जाएगी। मगर देश की सबसे बड़ी अदालत केंद्र के इस कथन से असहमत है। बहरहाल विचारों की ऐसी तमाम शृंखलाएं देश-दुनिया और समाज में हलचल पैदा करती रहती हैं। बदलती नैतिक मान्यताओं के दौर में कुछ वक्त से यह भी जेर-ए-बहस के केंद्र में है कि क्यों न शादी से पहले सेक्स को स्वीकार कर लिया जाए। ...क्योकि ऐसे तमाम सर्वेक्षण इस धारणा की वकालत कर चुके हैं। इन सर्वेक्षणों ने विवाह से पहले यौन शुचिता जैसी रक्षात्मक सामाजिक मान्यता को खारिज कर दिया है। इस पर अस्सी के दशक से पहले एक दिलचस्प किस्सा सामने आया है। वह मशहूर भारतीय पत्रकार करन थापर और पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो से संबंधित है। बीबीसी संवाददाता रेहान फजल कहते हैं कि ऐसा बहुत कम होता है कि दुनिया के दो मशहूर विश्वविद्यालयों की स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष भारतीय उप-महाद्वीप से हों। वो भी एक साथ और उनमें से एक भारतीय हो और दूसरा पाकिस्तानी। 1977 में करन थापर कैंब्रिज यूनियन सोसायटी के अध्यक्ष बने। बेनजीर भुट्टो भी आॅक्सफोर्ड विश्वविद्यालय यूनियन की अध्यक्ष चुनी गईं। रेहान से बातचीत में करन थापर ने खुलासा किया है -‘मुझे वो दिन अभी भी याद है जब बेनजीर कैंब्रिज आई थीं और उन्होंने प्रस्ताव रखा था कि क्यों न इस विषय पर डिबेट कराई जाए कि ‘शादी से पहले सेक्स’ करने में कोई बुराई नहीं है।’ इससे कहा जा सकता है कि बेनजीर ने युवापन में ही भारतीय उप-महाद्वीप में होने वाले इस महाविस्फोट की आहट सुन ली थी। संसार को कामसूत्र देने वाले देश की सामूहिक चेतना में रतिक्रिया के 300 तरीके गुंजायमान हो रहे हैं। जीवनशैली नैतिकता की सारी दीवारें तोड़ रही है। आखिर में यह भी कि खुद को सेक्स का मसीहा कहने वाले जॉन विलियमसन पांच साल पहले मौत के आगोश में जा चुके हैं। नॉसा के पूर्व राकेट इंजीनियर जॉन और उनकी पत्नी बारबरा सेक्स क्रांति के पक्षधर रहे हैं। उन्हें लॉस एंजलिस के पहाड़ी इलाके में निर्वस्त्र पार्टियों को लिए याद किया जाता है।
-----------------------( यह आलेख मंगलवार यानी 8 अगस्त 2018 को प्रयुक्ति में प्रकाशित हुआ)-------------------------------
मुकुंद
स्थानीय संपादक , प्रयुक्ति (हिंदी दैनिक), नई दिल्ली

No comments:
Post a Comment