Tuesday, August 21, 2018

क्या सबका प्यार ऐसा ही होता है...

प्रेम कहानियों का क्या...। वह तो हर उस सीने में घर कर लेती हैं जिसमें जिंदा दिल धड़कता है। इनकी जीस्त में गहरा दर्द छिपा होता है। सुकून के पल भी होते हैं। लोहिया से लेकर वाजपेयी तक इसके गवाह हैं।  




पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी पंचतत्व में विलीन हो चुके हैं। उनसे जुड़ी कहानियां फिजा में तैर रही हैं। इनमें एक प्रेम कहानी भी है। यह कहानी 40 के दशक से शुरू होकर 2014 में खत्म होती है। वाजपेयी ग्वालियर में पढ़ रहे थे। वह भी उनके साथ पढ़ रही थीं। बातें होती तो थीं पर आंखों ही आंखों में। दिल की टीस ने प्रेम पत्र की शक्ल भी ली। प्रणय निवेदन हुआ पर  जवाब नहीं आया। दिल टूटा...। सुबहें वीरान और रातें हलकान करने लगीं। किसी और शादी ना करने की कसमें खाईं। हालांकि  इसके बाद इस कहानी में तमाम खुशनुमा पल शामिल हुए। मगर यह कहानी बंद गली के आखिरी मकान सी रही। कभी बाहर नहीं आ पाई...। और जब आई तो वाजपेयी टूट गए। ऐसे टूटे कि उबर नहीं पाए। 

यह कहानी चार साल पहले यानी 2014 में राजकुमारी कौल यानी मिसेज कौल के निधन के साथ बाहर आ आई। जीते जी कभी इसका मीडिया में जिक्र नहीं हुआ। मिसेज कौल के निधन की खबर अखबारों के पहले पन्ने पर तारी हुई। इसे विस्तार से द इंडियन एक्सप्रेस ने छापा। इसके बाद ही लोगों ने जाना कि राजकुमारी कौल वाजयेपी जी के जीवन की डोर थीं। उनके घर की सबसे महत्वपूर्ण सदस्य और उनकी सबसे घनिष्ठ भी। इंडियन एक्सप्रेस ने यह भी लिखा-दोनों यानी अटल और मिसेज कौल ने अपने रिश्ते को कोई नाम नहीं दिया। दोनों ने इस पर हमेशा चुप्पी भी साधे रखी। यह बेहद अहम तथ्य है कि वाजपेयी की गैरपरंपरागत जीवनशैली और कौल परिवार के साथ ठहरने की बात दिल्ली के राजनीतिक हलकों में कही जाने लगी थी पर मीडिया ने कभी इसे मुद्दा नहीं बनाया। मिसेज कौल के निधन पर वाजपेयी के घर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्हें पारिवारिक मित्र बताया गया था। आम चुनाव में व्यस्तता के बावजूद मिसेज कौल के अंतिम संस्कार में लालकृष्ण आडवाणी, राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हिस्सा लिया था। सोनिया गांधी भी अटलजी के निवास पर सांत्वना देने पहुंचीं थी। स्तंभकार और प्रख्यात पत्रकार कुलदीप नैयर ने राजकुमारी कौल के निधन पर द टेलीग्राफ में लिखा था-संकोची मिसेज कौल अटल की सब कुछ थीं। जिस तरह उन्होंने उनकी सेवा की, वह शायद कोई कर पाए। वह हमेशा उनके साथ रहीं, जब तक उनका हार्ट अटैक से निधन नहीं हो गया। यह देश के राजनीतिक हलके में घटी सबसे महान प्रेम कहानी थी। नैयर यह भी लिखा-आजादी के बाद जितने भी प्रधानमंत्री हुए, उनके घर में रहने वालों में आंटी सबसे शिष्ट और लो-प्रोफाइल में रहने वाली महिला थीं। उनके बारे में वही लोग जानते थे, जो अटल जी की निजी जिंदगी के बारे में जानते थे। उनके निधन के साथ ही भारतीय राजनीति की सबसे महान स्टोरी का अंत हो गया। दक्षिण भारत के पत्रकार गिरीश निकम भी इस कहानी के गवाह हैं। निकम कहते हैं-वह जब अटल जी (प्रधानमंत्री बनने के पहले) के निवास पर फोन करते थे तब फोन मिसेज कौल उठाया करती थीं। एक बार उनसे बात हुई तो उन्होंने परिचय कुछ यूं दिया-मैं मिसेज कौल, राजकुमारी कौल हूं। वाजपेयी जी और मैं लंबे समय से दोस्त रहे हैं। 40 से अधिक सालों से। मिसेज कौल ने यह भी बताया कि किस तरह सालों से वाजपेयी जी उनके और उनके पति प्रोफेसर कौल के साथ रहते आए हैं। मिसेज कौल ने 80 के दशक में एक नारी प्रधान पत्रिका को दिए इंटरव्यू में अटल और खुद के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में कहा था-मुझे इस बारे में कभी अपने पति को कोई स्पष्टीकरण देने की जरूरत ही नहीं पड़ी। मेरे और पति के रिश्ते समझबूझ के स्तर पर काफी मजबूत हैं। इस रिश्ते का कुछ जिक्र वाजपेयी पर लिखी गई किताब ‘अटल बिहारी वाजपेयी: ए मैन आॅफ आॅल सीजंस’ में मिलता है। इसके लेखक और पत्रकार किंगशुक नाग ने लिखा है पब्लिश रिलेशन प्रोफेशनल सुनीता बुद्धिराजा के मिसेज कौल से अच्छे रिश्ते थे। इस किताब में सुनीता के हवाले वह लिखते हैं-एक दिन मिसेज कौल कुछ उदास थीं। तब मिसेज कौल ने सुनीता को अटल के साथ रिश्तों की जानकारी दी। इस किताब में कहा गया है कि वह अटल से शादी करना चाहती थीं, लेकिन घर में इसका जबरदस्त विरोध हुआ। इस बीच राजकुमारी के सरकारी अधिकारी पिता ने उनकी शादी प्रोफेसर ब्रिज नारायण कौल से कर दी। वह दिल्ली यूनिवर्सिटी के रामजस कॉलेज में पढ़ाते थे। हालांकि अपने जीवन का पहला और आखिरी प्रणय पत्र के लिखने के बाद वाजपेयी ने कभी शादी नहीं की पर वह दिल्ली में कौल परिवार के साथ लंबे समय तक रहे। वक्त गुजरने के साथ बहुत चीजें बदलीं। 1977 में वाजपेयी विदेश मंत्री बन गए तो उन्होंने लुटियंस जोन में बंगला मिल गया। इसके बाद कौल परिवार उनके पास आ गया। 

प्रखर समाजवादी चिंतक राममनोहर लोहिया मानते थे कि स्त्री-पुरुष के रिश्तों में सब जायज है। बशर्ते सहमति से हो। उसमें धोखा न हो। शायद आप लोगों में से बहुत कम को मालूम हो कि लोहिया ने पूरी जिंदगी इसका निर्वहन किया। यूं तो लोहिया अविवाहित रहे लेकिन उन्होंने रोमा मित्रा से टूटकर प्यार किया। जीवनभर उनके साथ रहे। क्या सबका प्यार ऐसा ही होता है?

मुकुंद
स्थानीय संपादक, प्रयुक्ति (हिंदी दैनिक), नई दिल्ली
(मेरा यह साप्ताहिक आलेख आज यानी मंगलवार, 21 अगस्त 2018 को प्रयुक्ति के पेज -9 (संपादकीय पेज मंथन) में प्रकाशित हुआ)

No comments:

Post a Comment